एरिया कमांडर सहित तीन नक्सलियों ने किया सरेंडर

रांची : एक करोड़ के माओवादी सेंट्रल कमिटी मेंबर हार्डकोर नक्सली अनल दा उर्फ पतिराम मांझी के मारक दस्ते का एरिया कमांडर बैलून सरदार, दस्ता सदस्य गाजु उर्फ सूरज सरदार और रायमुनी कुमारी उर्फ गीता ने सोमवार को आईजी अभियान एवी होमकर के समक्ष सरेंडर कर दिया। रांची रेंज डीआईजी पंकज कंबोज के कार्यालय परिसर में आयोजित सरेंडर कार्यक्रम में तीनों नक्सलियों ने सरेंडर किया।

मौके पर आईजी अभियान एवी होमकर ने कहा कि झारखंड राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लिए सीआरपीएफ जगुआर और अन्य केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के द्वारा सभी नक्सली संगठनों के खिलाफ चौतरफा कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान पुलिस को नक्सली संगठनों के खिलाफ लगातार सफलता में भी मिल रही है। साथ ही झारखंड को पूरी तरह से नक्सल मुक्त करने के लिए भटके नक्सलियों को मुख्यधारा में लौटने के लिए झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण और पुर्नवास नीति के तहत कार्य किया जा रहा है ।जिसका परिणाम काफी सकारात्मक रहा है। अब तक भाकपा माओवादी सहित अन्य कई प्रतिबंधित नक्सली संगठनों के कई बड़े इनामी नक्सली से लेकर दस्ता सदस्य झारखंड पुलिस के समक्ष सरेंडर किए हैं।

आईजी ने कहा कि पुलिस के लगातार अभियान, बढ़ती दबिश और संगठन के आंतरिक शोषण से परेशान होकर तथा झारखंड सरकार की आत्म समर्पण और पुर्नवास नीति से प्रभावित होकर इन तीनों नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। एरिया कमांडर बैलून सरदार और गाजु उर्फ सूरज सरदार और रायमुनी कुमारी उर्फ गीता ने सरेंडर किया है।
आईजी अभियान ने कहा कि आज झारखंड पुलिस के लिए महत्वपूर्ण दिन है। सेंट्रल कमिटी सदस्य अनल दा के दस्ते के एरिया कमांडर सहित तीन सदस्यों ने सरेंडर किया है। खूंटी चाईबासा और सरायकेला जिला नक्सल क्षेत्र से पीड़ित रहा है।

 

सरेंडर करने वाले तीनों नक्सली आठ पुलिसकर्मियों की हत्या में रहे हैं शामिल

भाकपा माओवादी के केंद्रीय कमेटी सदस्य अनल दा के दस्ते का एरिया कमांडर बैलून सरदार सहित तीन नक्सलियों के सरेंडर करने से संगठन को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। सरेंडर किए नक्सलियों एरिया कमांडर बैलून सरदार, गाजु उर्फ सूरज सरदार और रायमुनि कुमारी उर्फ गीता ने नौ से अधिक जघन्य कांडों को अंजाम दिया है।

जानकारी के अनुसार तीनों नक्सली वर्ष 2019 में खरसावां थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित भाजपा कार्यालय को दहशत फैलाने के उद्देश्य लोकसभा चुनाव के ठीक पहले आईईडी लगाकर उड़ाने, वर्ष 2019 में खरसावां थाना क्षेत्र के सुरु डैम की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिस पार्टी पर घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट कर हमला करने, वर्ष 2019 में कुचाई थाना क्षेत्र के राय सिंदरी पहाड़ पर अभियान पर निकली पुलिस पार्टी पर घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट करने, वर्ष 2019 में तिरूल्डीह थाना क्षेत्र के कुकड़ू हॉट में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर घात लगाकर हमला कर पांच पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतार कर हथियार छीनने, वर्ष 2019 में कुचाई थाना क्षेत्र के राय सिंदरी पहाड़ में विधानसभा चुनाव को लेकर अभियान पर निकली पुलिस पार्टी पर घात लगाकर चैलेंजर बम से हमला करने, वर्ष 2020 में रायजामा पुलिस पिकेट से आरओपी में निकली पुलिस पार्टी पर कांटागोडा के पास घात लगाकर आईईडी ब्लास्ट करने, वर्ष 2020 में खरसावां थाना क्षेत्र के राय जामा के एक दंपति मंगल सरदार और लखमनी सरदार को उनके घर पर ही रात में पुलिस मुखबिर का आरोप लगाकर गोली मारकर हत्या करने, वर्ष 2021 में टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी पहाड़ में अभियान पर निकली पुलिस पार्टी पर घात लगाकर हमला करने और वर्ष 2021 में टोकलो थाना क्षेत्र के लांजी पहाड़ पर पुलिस पार्टी पर हमला कर तीन जवान को मौत के घाट उतारने में शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

36 − = 26