कड़ी सुरक्षा के बीच सैन्य अस्पताल में भाजपा नेता के शव का पोस्टमार्टम

कोलकाता : कलकत्ता हाईकोर्ट के आदेश पर शनिवार की सुबह कमांड अस्पताल में कड़ी सुरक्षा के बीच भाजपा नेता अर्जुन चौरसिया के शव का पोस्टमार्टम शुरू हो गया है। सुबह 8:30 बजे ही पोस्टमार्टम शुरू होना था लेकिन डोम गोपाल नदारद था जिसकी वजह से काफी इंतजार करना पड़ा।

पुलिस सुबह करीब 9:45 बजे डोम को ढूंढ कर लाई। पता चला कि वह 8:30 बजे से पहले ही गोपाल कमांड अस्पताल के गेट पर आ गया था। उसके पास नीली फाइल थी। उसमें पोस्टमार्टम संबंधित सारे दस्तावेज थे लेकिन कमांड अस्पताल की सुरक्षा में तैनात रहने वाले सैनिकों ने कथित तौर पर उससे उसका पहचान पत्र मांगा था जो उसके पास नहीं था। उसके बाद वह कहीं चला गया। बाद में पुलिस उसे ढूँढ कर लाई।

न्यायालय के निर्देशानुसार पूरी पोस्टमार्टम प्रक्रिया की वीडियोग्राफी हो रही है। साथ ही कोर्ट के निर्देशानुसार आरजीकर अस्पताल के फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ-साथ कल्याणी एम्स के चिकित्सक भी कमांड में मौजूद हैं।

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार सुबह भाजपा नेता का शव फंदे से लटका मिला था। सूचना मिलने पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सीधे उत्तर बंगाल से उसके घर पहुंचे थे और प्रशासन पर परिवार से मारपीट कर जबरदस्ती शव ले जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने दावा किया था कि भाजपा नेता की हत्या की गई है। उत्तर कोलकाता भाजपा अध्यक्ष कल्याण चौबे ने आरोप लगाया है कि तृणमूल कांग्रेस के लोगों ने अर्जुन को मौत के घाट उतारा है। इसके खिलाफ पार्टी ने हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

71 − 69 =