ममता बनर्जी ने अदानी समूह को सौंपा ताजपुर बंदरगाह का इच्छा पत्र

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मंत्रिमंडल के फैसले के अनुरूप बुधवार को अदानी समूह को ताजपुर बंदरगाह का लेटर ऑफ इंटेंट यानि इच्छा पत्र सौंप दिया है। उद्योग जगत के साथ इको पार्क में आयोजित विजया सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री ने आधिकारिक तौर पर अदानी पोर्ट्स के चेयरमैन करण अदानी को यह पत्र सौंपा। अब यह बंदरगाह अदानी समूह को लीज पर मिल गया है। मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला लिया गया था कि ताजपुर बंदरगाह की देखरेख सहित बाकी सारा काम अदानी समूह को सौंपा जाएगा। उसी के मुताबिक मुख्यमंत्री ने आज लेटर ऑफ इंटेंट सौंपा है। सीएम ने कहा कि पश्चिम बंगाल में बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश हो रहा है। जंगलमहल को केंद्र कर 72 हजार करोड़ रुपये के निवेश के प्रस्ताव मिले हैं। दुर्गा पूजा में इस बार 50 हजार करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ है।

विपक्षी नेताओं को भी विजया की शुभकामनाएं

मख्यमंत्री ने इस दौरान अपने सम्बोधन में कहा कि राजनीति अगर सकारात्मक हो तो अच्छी होती है। मेरे जो विरोधी हैं मैं उन्हें भी विजया की शुभकामना देती हूं।

सौरव की पत्नी की सराहना

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली की पत्नी डोना गांगुली की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि डोना महिलाओं के विकास और सशक्तिकरण के लिए बहुत अच्छा काम कर रही हैं, राज्य सरकार की ओर से उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री का यह बयान अपने आप में बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल ही में लाख कोशिशों के बावजूद सौरव गांगुली भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष फिर नहीं बन पाए हैं। ऐसे में, मुख्यमंत्री की उनकी पत्नी की सराहना बेहद तात्पर्यपूर्ण मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 4 = 2