ममता बनर्जी का शासन उत्तर कोरिया जैसा है : शुभेंदु अधिकारी

Suvendu Adhikari File Pic

तमलुक : विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को एक बार फिर से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में उत्तर कोरिया जैसा शासन है।

शुभेंदु रविवार को अपने विधानसभा क्षेत्र नंदीग्राम के आमदाबाद इलाके में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ का सीधा प्रसारण सुनने के कार्यक्रम में शामिल हुए थे। यहां उन्होंने कहा कि मैंने सुना है कि राज्य के मुख्यमंत्री 5 तारीख को दिल्ली जाएंगी। उनके वहां पहुंचने से पहले राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री सहित अन्य सभी को यह पता चलना चाहिए कैसे कि उत्तर कोरिया के शासक की तरह ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में शासन कर रही हैं?

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव के बाद से मुख्यमंत्री उन्हें एक के बाद एक झूठे मामलों में फंसाने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उन मामलों की सूची एक पुस्तिका के रूप में मंगलवार को प्रकाशित की जाएगी। यह पुस्तिका हिंदी, अंग्रेजी सहित कई भाषाओं में प्रकाशित होगी। इसके साथ ही देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों तक इस पुस्तिका को पहुंचाया जाएगा। शुभेंदु के इस बयान पर तृणमूल ने भी पलटवार किया। राज्य के मंत्री और पूर्वी मेदिनीपुर जिले में शुभेंदु के मुख्य प्रतिद्वंद्वी अखिल गिरी के अनुसार, मुख्यमंत्री को बदनाम करना राज्य में विपक्ष के नेता का काम बन गया है।

उल्लेखनीय है कि शुभेंदु अधिकारी ने गत शुक्रवार को विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। उनके साथ भाजपा के तीन अन्य विधायक भी थे। शुभेंदु ने ममता का अभिवादन भी किया था। दोनों पक्षों ने मुलाकात को ”शिष्टाचार भेंट‘’ बताया था। हालांकि, मुख्यमंत्री से इस मुलाकात के बावजूद शुभेंदु अधिकारी उन पर हमलावर रह रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

59 − 58 =