केएमसी चुनाव के बाद असम और मेघालय के दौरे पर जाएंगी ममता बनर्जी

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी 19 दिसंबर को कोलकाता नगर निगम के चुनाव के बाद असम के दौरे पर जाएंगी। पार्टी के सूत्रों ने गुरुवार को इस बारे में जानकारी दी है।

बताया गया है कि वह 20 दिसंबर को ही असम के लिए रवाना होंगी। वहां 21 दिसंबर की सुबह माता कामाख्या के मंदिर में पूजा करेंगी। उसके बाद सड़क मार्ग से मेघालय के लिए रवाना हो जाएंगी जहां पार्टी के विस्तार की रणनीति बनेगी। हाल ही में कांग्रेस के 12 विधायकों ने तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा है। पार्टी वहां मुख्य विपक्षी पार्टी बन गई है। वहां ममता की प्रदेश तृणमूल नेतृत्व के साथ अहम बैठक होनी है।

तृणमूल कांग्रेस के सूत्रों ने बताया है कि 15 दिसंबर को ममता बनर्जी कोलकाता नगर निगम चुनाव के लिए उत्तर कोलकाता में प्रचार करेंगी जबकि 16 दिसंबर को दक्षिण कोलकाता में प्रचार करेंगी। इसके पहले वह गोवा तथा मुंबई का दौरा पूरा कर चुकी हैं।

उल्लेखनीय है कि मेघालय के पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा सहित कांग्रेस के 12 विधायकों ने तृणमूल की सदस्यता ली है। ऐसे में वहां सरकार के सामने तृणमूल कांग्रेस ही मुख्य विपक्षी पार्टी है। ऐसे में ममता बनर्जी का असम और मेघालय दौरा खास माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 1