हिमाचल प्रदेशः भाजपा-कांग्रेस में कांटे का मुकाबला

शिमला : हिमाचल प्रदेश की 68 विधानसभा सीटों पर गुरुवार की सुबह 8:00 बजे मतगणना शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में ही भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर दिखने लगी।

रुझानों में कभी कांग्रेस तो कभी भाजपा बहुमत का आँकड़ा पार करती दिखी लेकिन वोटों में अन्तर काफ़ी कम होने के कारण आगे-पीछे का खेल जारी है।
ताजा खबरों के अनुसार भाजपा 34 सीटों पर और कांग्रेस 30 सीटों पर जबकि अन्य 4 सीटों पर आगे चल रहे हैं। बहुमत के लिए 35 सीटों की जरूरत है। हिमाचल की जनता हर पाँच साल में सरकार बदलती रहती है। लेकिन क्या भाजपा इस प्रथा में बदलाव कर सत्ता में वापसी कर सकेगी, सबकी नज़रें इसी पर लगी हैं।

भाजपा उम्मीदवार व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सिराज सीट से आगे चल रहे हैं। पूर्व मंत्री व कांग्रेस उम्मीदवार कौल सिंह ठाकुर पीछे चल रहे हैं। मंडी सीट से भाजपा के अनिल शर्मा आगे चल रहे हैं। शिलाई सीट से कांग्रेस के हर्षवर्धन चौहान, किन्नौर से जगत सिंह नेगी, सरकाघाट से कांग्रेस के पवन कुमार, सुंदरनगर से भाजपा के राकेश जंबाल, पच्छाद से भाजपा की रीना, जुब्बल कोटखाई से भाजपा के चेतन बरागटा, करसोग से भाजपा के दीप राज, धर्मशाला से कांग्रेस के सुधीर शर्मा मतों से आगे चल रहे हैं।

प्रदेश के 59 स्थानों में बनाए गए 68 मतगणना केंद्रों पर मतगणना हो रही है। राज्य में आज मौसम खुशगवार बना हुआ है। विधानसभा चुनाव में 412 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। सत्तारूढ़ भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्कर होने का अनुमान है। राज्य में 12 नवम्बर को रिकार्ड 75.60 फीसदी मतदान हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

6 + 2 =