शिमला में साल की पहली बर्फबारी, पर्यटकों के खिले चेहरे

शिमला : पहाड़ों की रानी शिमला में वीकेंड पर शनिवार को साल का पहला हिमपात हुआ है। शहर में रात से मौसम खराब था और रात भर अंधड़ के साथ रुक-रुक कर बारिश होती रही, जबकि सुबह से बर्फबारी हो रही है। यहां के ऐतिहासिक स्थलों मॉल रोड और रिज मैदान बर्फ की सफेद चादर से ढक गए हैं। पर्यटक बर्फबारी का पूरा जमकर आनंद ले रहे है। वीकेंड पर भारी संख्या में पर्यटक शिमला पहुंचे हैं।

शिमला में लंबे इंतजार के बाद बर्फबारी हो रही है। हालांकि जिले के ऊंचे भागों में पहले से बर्फबारी हो रही थी, लेकिन शहर में बर्फ नहीं गिरने से पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों में निराशा का भाव पैदा हो गया था। कई बार मौसम खराब होने पर पर्यटक आये लेकिन यहां से निराश होकर लौट गये। क्रिसमस और नव वर्ष के मौके पर भी शिमला में बर्फबारी नहीं हुई। हालांकि, 26 दिसम्बर को यहां हल्की बर्फबारी दर्ज की गई थी। अब ताजा बर्फबारी ने पर्यटकों की निराशा को उत्साह एवं उल्लास में बदल दिया है।

बाहरी राज्यों से आये अधिकांश पर्यटकों का कहना है कि उन्होंने बर्फ को कभी भी गिरते हुए नहीं देखा और शिमला आकर उनका यह सपना पूरा हो गया। बर्फबारी से शिमला में ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। यहां का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया है। शहर में सुबह करीब पांच बजे बर्फबारी शुरू हुई और देखते ही देखते शहर के अधिकांश स्थानों को बर्फ की सफेद चादर ने ढक लिया। शिमला के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी हो रही है। शहर से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी एवं छराबड़ा में छह इंच के करीब बर्फ गिर चुकी है।

इस बर्फबारी से शिमला शहर में लक्कड़ बाजार सड़क पर वाहनों की आवाजाही बन्द हो गई है। अपर शिमला की अधिकांश सड़कें भी पूर्ण रूप से बाधित हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक ताज़ा हिमपात से ठियोग-चौपाल सड़क मार्ग खिड़की क्षेत्र में, ठियोग-रामपुर सड़क मार्ग नारकंडा क्षेत्र में, ठियोग-रोहड़ू सड़क मार्ग खड़ापत्थर क्षेत्र में, शिमला-ठियोग सड़क मार्ग पर कुफरी में बंद है।

मौसम विभाग के अनुसार 11 जनवरी तक शिमला सहित पूरे प्रदेश में मौसम खराब रहेगा तथा पर्वतीय इलाकों में मध्यम से भारी हिमपात हो सकता है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने शनिवार को बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि शिमला समेत पहाड़ी इलाकों में आगामी 24 घण्टों तक भारी बर्फबारी होने की आशंका है। शिमला, चम्बा, कुल्लू, लाहौल स्पीति और किन्नौर जिलों में भारी बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 + 4 =