कमजोर पड़ा चक्रवात असनी, बंगाल पर बहुत असर नहीं, बारिश फिलहाल जारी रहेगी

कोलकाता : बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘असनी’ धीरे-धीरे कमजोर पड़ गया है। मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि फिलहाल यह चक्रवात आंध्र प्रदेश के समुद्र तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ रहा है। पश्चिम बंगाल के तटीय क्षेत्रों पर इसके लैंडफॉल की आशंका नहीं है इसलिए यहां जानमाल के नुकसान का खतरा नहीं है। हालांकि 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों को घरों में ही रहने की सलाह दी गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल के समुद्र तटीय क्षेत्रों में मछुआरों के समुद्र में जाने पर पाबंदी लगा दी गई है। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही तटीय क्षेत्रों में पर्यटकों की गतिविधियों को भी नियंत्रित करने का सुझाव प्रशासन को दिया गया है।

दूसरी ओर राज्य के समुद्र तटीय जिलों यानि उत्तर और दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा, हुगली प्रथा कोलकाता में लगातार बारिश होगी। इन जिलों में भी 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं जिससे नुकसान की आशंका है। इसलिए लोगों को घरों से नहीं निकलने की सलाह दी गई है।

राजधानी कोलकाता में पिछले 24 घंटे में 14.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है जो अभी भी जारी रहेगी। इसके अलावा पिछले चार दिनों से लगातार हो रही बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान गिरकर 31.2 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा है जो सामान्य से 4 डिग्री कम है जबकि न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस पर है जो सामान्य से एक डिग्री अधिक है। अभी फिलहाल यह बारिश शुक्रवार तक जारी रहने वाली है जिसके कारण तापमान में और अधिक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 1