तृणमूल विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर भाजपा ने किया पथावरोध

हुगली : हुगली जिले के चुंचुड़ा विधानसभा केंद्र से तृणमूल कांग्रेस के विधायक असित मजूमदार की गिरफ्तारी की मांग पर शनिवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने हुगली सांगठनिक जिले के कई इलाकों में सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक पथावरोध किया।

सप्तग्राम विधानसभा इलाके में अलीनगर मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तकरीबन घंटे भर नारेबाजी कर विधायक असित मजूमदार की गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा चंदननगर के तालडांगा मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने पथावरोध किया लेकिन पुलिस ने उन्हें वहां से हटा दिया। असित मजूमदार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सांगठनिक जिले के अन्य हिस्सों में भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

दरअसल शुक्रवार की शाम चुंचुड़ा के खदिना मोड़ पर भाजपा के एक जुलूस के दौरान भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए थे। इस घटना से संबंधित एक वीडियो भी वायरल हुआ था जिसमें चुंचुड़ा के तृणमूल विधायक असित मजूमदार के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं से भरी टोटो को रोककर उनसे मारपीट करते देखा जा सकता है। विधायक असित मजूमदार खुद एक भाजपा कार्यकर्ता को लाठी से मारते हुए दिख रहे हैं। इसके बाद दोनों पक्ष थाने में पहुंचे थे। आरोप है कि वहां भी दोनों पक्ष एक-दूसरे के आमने-सामने आ गए। रात में एक भाजपा कार्यालय में तोड़फोड़ की भी घटना घटी थी।

इसके अलावा भाजपा के हुगली सांगठनिक जिला उपाध्यक्ष राजीव नाग के घर में तोड़फोड़ की घटना घटी थी। भाजपा ने इन सभी घटनाओं के पीछे तृणमूल विधायक असित मजूमदार का हाथ बताया है। हालांकि विधायक का दावा है कि कोलकाता से लौटते समय भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनकी गाड़ी रोककर उनसे दुर्व्यवहार किया। इसको देखकर पास के तृणमूल कार्यालय से तृणमूल कार्यकर्ता पहुंचे और भाजपा कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 + 3 =