भगवंत मान होंगे पंजाब में आम आदमी पार्टी का मुख्यमंत्री चेहरा

  • पंजाबवासियों की ऑनलाइन वोटिंग पर केजरीवाल ने किया ऐलान

चंडीगढ़ : आम आदमी पार्टी की तरफ से पंजाब में भगवंत मान मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। पार्टी पंजाब में भगवंत मान का चेहरा आगे रखकर चुनाव लड़ेगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने यह ऐलान पंजाब में करवाई गई ऑनलाइन वोटिंग के आधार पर किया है। इसमें प्रदेश के करीब 22 लाख लोगों के हिस्सा लेने का दावा किया जा रहा है।

इस घोषणा को पंजाबवासियों तक पहुंचाने के लिए आम आदमी पार्टी ने आज राज्य में जगह-जगह बड़ी स्क्रीन लगाईं। अरविंद केजरीवाल की प्रेस कांफ्रेंस को लाइव दिखाया गया। केजरीवाल ने आज पंजाब दौरे के दौरान चंडीगढ़ से सटे मोहाली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि 13 जनवरी को एक फोन नंबर जारी करके पंजाबवासियों से ऑन लाइन वोटिंग करवाई थी। यह फोन लाइन 17 जनवरी की शाम पांच बजे तक खुली रही। इसमें 21 लाख 59 हजार 437 लोगों ने वोटिंग की। इस वोटिंग में 93.3 प्रतिशत लोगों ने भगवंत मान के समर्थन में वोटिंग की।

हालांकि कुछ लोगों ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी वोट दिया। केजरीवाल ने कहा कि देश के इतिहास में पहली बार आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री बनाने के लिए लोगों की राय ली है। देश में पहली बार पंजाब में लोगों की पसंद का मुख्यमंत्री बनेगा। आम आदमी पार्टी ने परिवारवाद और विरासत की राजनीति को खत्म करने के लिए बंद कमरे में मुख्यमंत्री चुनने की परंपरा को खत्म किया है। यह काम भाजपा,कांग्रेस और अकाली दल के वश में नहीं है।

पंजाब को नंबर वन बनाने का सपना सोने नहीं देता : भगवंत मान

आम आदमी पार्टी द्वारा मुख्यमंत्री चेहरे के रूप में घोषित किए गए सांसद भगवंत मान ने कहा है कि पंजाब के युवाओं का विदेशों में पलायन रोकना तथा पंजाब को सभी क्षेत्रों में नंबर वन राज्य बनाना ही उनका मुख्य लक्ष्य होगा। भगवंत मान ने कहा कि पंजाबवासियों के सहयोग से अगर वह मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचते हैं तो उनकी कलम भाई-भतीजावाद को बचाने के लिए नहीं बल्कि गरीब व जरूरतमंद लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए ही चलेगी।

भगवंत मान ने कहा कि पंजाब के युवाओं के विदेशों में पलायन को रोकने, किसानों को आत्महत्या से रोकने, महिलाओं को सुरक्षा प्रदान करने, पंजाब से खनन माफिया, शराब माफिया को बाहर करने का सपना उन्हें सोने नहीं देता है। भगवंत मान ने कहा कि पहले जब वह कॉमेडी करते थे और लोगों में जाते थे तो लोग उन्हें देखकर हंसते थे। अब सांसद बनने के बाद जब वह लोगों में जाते हैं तो लोग उन्हें देखकर रोते हैं। माताएं कहती हैं कि उनके बच्चों को नशे से बाहर निकालो, युवा रोजगार के लिए रो रहे हैं। भगवंत मान ने कहा कि आप आदमी पार्टी पंजाब को नई दिशा प्रदान करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 6 = 2