हर पैमाने पर बंगाल सबसे बेहतर, गलत साबित करके दिखाएं: ममता

ममता सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ के कार्यक्रम को मुख्यमंत्री ने किया संबोधित

कोलकाता : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की बंगाल में उपस्थिति के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि कानून व्यवस्था से लेकर राज्य के विकास तक, हर पैमाने पर बंगाल सबसे बेहतर है। मेरे 11 साल के कार्यों पर कोई चुनौती दे तो मैं उसका सामना करने को तैयार हूं। उन्होंने कहा कि मुझे इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि कोई मुझे या मेरे बारे में क्या कहता है। मैं अपने लोगों के लिए लोकतंत्र की परवाह करती हूं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी यहां नेताजी इंडोर स्टेडियम में राज्य में अपनी सरकार के तीसरे कार्यकाल की पहली वर्षगांठ पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। ममता ने कहा कि मेरे राज्य में लोगों ने दुर्गा पूजा भी मनाई और ईद भी मनाई। हम सभी त्योहार एक साथ मिलकर मनाते हैं। ममता ने कहा कि हमारी सरकार को 11 साल हो गए हैं। मैंने इन 11 साल में क्या किया है, इसे लेकर अगर किसी में हिम्मत है तो वह मुझे चुनौती दे सकता है। मैं उसका सामना करने को तैयार हूं।

ममता बनर्जी ने कहा कि उनके खिलाफ कोई चाहे कितनी बातें बनाएं। चाहे लोगों को कितना भी भटकाने की कोशिश करें, उनके खिलाफ रचने वाली साजिश कामयाब नहीं होगी। मैं जब तक जिंदा हूं, बंगाल के लिए काम करती रहूंगी। बंगाल भारत को एक नई राह दिखाएगा। ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पेट्रोल-डीजल के दामों को बढ़ाकर लोगों को ठग रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

5 + 4 =