आंख के ऑपरेशन के बाद स्वस्थ हैं अभिषेक, दिवाली से पहले लौटेंगे कोलकाता

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे सांसद अभिषेक बनर्जी की बायीं आंख का ऑपरेशन सफल रहा है। अमेरिका के जॉन्स हॉपकिन्स अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में तृणमूल के अखिल भारतीय महासचिव फिलहाल स्वस्थ हैं। पार्टी के सूत्रों ने शनिवार को बताया कि वह दिवाली से पहले कोलकाता लौट सकते हैं। डॉक्टरों की सलाह के मुताबिक अभिषेक को अभी कुछ दिनों तक अपनी आंखों का खास ख्याल रखना होगा। बायीं आंख में धूल और गर्मी से बचने के लिए भी विशेष ध्यान रखना होगा।

गौरतलब है कि अभिषेक अक्टूबर, 2016 में मुर्शिदाबाद में एक पार्टी की बैठक से वापस जाते समय एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिंगुर के पास दुर्गापुर एक्सप्रेस-वे पर तृणमूल सांसद की कार सड़क किनारे दूध वैन से जा टकराई और पलट गई। अनियंत्रित होकर पलटी कार से अभिषेक को निकाला गया था। उस हादसे में सांसद की बायीं आंख के नीचे की ”ऑर्बिटल बोन” (आंख की हड्डी) टूट गई थी। तब से वह लंबे समय से उस आंख की समस्या से जूझ रहे थे। इलाज के लिए उन्हें कई बार दुबई भी जाना पड़ा था। उनके करीबी एक सूत्र के मुताबिक अभिषेक इससे पहले भी कई बार उस आंख की सर्जरी करवा चुके हैं। सिंगापुर और हैदराबाद में भी इलाज किया गया लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इसके बाद अभिषेक को मार्च, 2020 में आंखों की सर्जरी के लिए अमेरिका जाना था लेकिन कोविड के चलते इसे दो साल के लिए टाल दिया गया था। अमेरिका में उनकी आंखों का सात घंटे तक ऑपरेशन चला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 8