यूपी में योगी ने खत्म किया गुंडाराज, और अधिक सीट जीतेगी भाजपा : गिरिराज सिंह

बेगूसराय : केंद्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में 2017 से भी अधिक सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) विजयी होगा। गिरिराज सिंह ने यूपी को लेकर मायावती एवं अखिलेश यादव के साथ ही, प्रियंका गांधी और कांग्रेस पर भी जोरदार हमला किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता का विश्वास और हौसला बता रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 2017 के विधानसभा चुनाव से अधिक सीट जीत रही है। यूपी की जनता को अमन, चैन, शांति और विकास चाहिए था, योगी सरकार ने वह सब कुछ दिया। अधिक सीट पर विजय होने का कारण साफ है कि 2007 में मायावती सत्ता में आई, 2012 में उन्होंने कहा कि मैं एक सौ सीट मुसलमानों को दूंगा, लेकिन हुआ कुछ नहीं। 2012 में समाजवादी पार्टी (सपा) ने नए चेहरे के रूप में अखिलेश यादव को चुनाव मैदान में उतारा।

उत्तर प्रदेश की जनता ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर भरोसा जताया, लेकिन उत्तर प्रदेश का हालत क्या हुआ। अखिलेश के राज में भी वही तुष्टीकरण, वही गुंडागर्दी, वही डकैती का राज चला। उसके बाद 2017 में जब योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने तो सब कुछ बदल गया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि योगी के पांच साल में आज ना जिन्ना की राह पर चलने वालों की खैर है और ना ही औरंगजेब की राह पर चलने वालों की खैर है। ना ही दहशतगर्दी करने वाले कहीं नजर आ रहे हैं और ना ही आतंकवाद मचाने वालों की खैर है। उत्तर प्रदेश यूपी की जनता को विकास चाहिए, उत्तर प्रदेश की जनता को अमन, चैन, शांति चाहिए, वह योगी ने स्थापित कर दिया। उत्तर प्रदेश में ना केवल विकास की सरकार है, बल्कि वहां सबका साथ और सबका विश्वास है, सब सुरक्षित हैं, सबको शांति मिल रही है।

इसके साथ ही गिरिराज सिंह ने कांग्रेस और गांधी परिवार पर भी जोरदार हमला किया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में वर्षों तक शासन किया। अमेठी संसदीय क्षेत्र कांग्रेस की खानदानी सीट थी, वहां जिला कलेक्टर का ऑफिस तक नहीं खुल पाया। यह काम स्मृति ईरानी ने कराया, स्मृति ईरानी के सांसद बनते ही कलेक्टर का ऑफिस खुल गया, अब सब कुछ बदला-बदला हुआ है। अब प्रियंका गांधी घर-घर घूमें या दर-दर घूमें, जनता का विश्वास योगी आदित्यनाथ और नरेन्द्र मोदी पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

49 − = 47