West Bengal : कोरोना संक्रमित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष से मुख्यमंत्री ने फोन पर ली स्वास्थ्य की खबर

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शिष्टाचार के नाते कोरोना संक्रमित प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को फोन कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है।

दरअसल, रविवार की शाम सुकांत मजूमदार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दक्षिण कोलकाता के एक निजी अस्पताल में भर्ती हो गए। सुकांत मजूमदार को बुखार, सर्दी और खांसी समेत कोरोना के कई लक्षण थे। उनका रैपिड एंटिजेन टेस्ट पॉजिटिव आया है। आरटी पीसीआर टेस्ट रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। अस्पताल के मुताबिक फिलहाल बुखार नहीं है। सर्दी, खांसी अभी भी है। उनका ब्लड ऑक्सीजन लेवल भी सही है।

सोमवार सुबह 11.30 बजे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को फोन किया है। दोनों ने करीब ढाई मिनट तक बात की है। मुख्यमंत्री ने उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली है और कोई दिक्कत होने पर सूचित करने को कहा। मजूमदार ने मुख्यमंत्री का फोन आने पर खुशी जताई है।

उल्लेखनीय है कि पश्चिम बंगाल में कई विधायक, मंत्री और भारतीय जनता पार्टी समेत सत्तारूढ़ पार्टी के नेता पहले ही पॉजिटिव पाए जा चुके हैं। राज्य में संक्रमण दर तीन गुनी बढ़ गई है, जिसके कारण स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं बढ़ी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

61 + = 62