महिला से छेड़खानी को लेकर दो दिनों से हो रहा है हिंसक संघर्ष

कोलकाता : कोलकाता के कसबा थाना अंतर्गत काकुलिया इलाके में गत शुक्रवार को गणेश पूजा विसर्जन के समय एक महिला से छेड़खानी को लेकर शुरू हुआ हिंसक संघर्ष दो दिनों से जारी है। शुक्रवार के बाद शनिवार की रात्रि भी दो गुटों के बीच जमकर हाथापाई हुई है। लाठी-डंडे चले हैं और ईंट-पत्थर भी फेंके गए हैं जिसमें दोनों ओर से छह लोग घायल हुए हैं। इन सभी को रविवार की सुबह बांगुर अस्पताल में भर्ती किया गया है। आरोप है कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की।

पुलिस के सूत्रों ने बताया है कि 91 नंबर वार्ड के काकुलिया जगन्नाथ घोष लेन में शुक्रवार को गणेश पूजा विसर्जन के समय आरोप है कि स्थानीय पार्षद बाबू सोना के लोगों ने एक महिला से छेड़खानी की थी। उसके बाद वहां स्थानीय लोगों ने उसकी पिटाई की कोशिश की थी। आरोप है कि बड़ी संख्या में पार्षद के लोग जुट गए थे और स्थानीय लोगों को मारा-पीटा था। उसके बाद शनिवार की शाम के समय भी वे लोग लाठी डंडा लेकर इलाके में आ गए और स्थानीय लोगों को मारा-पीटा है। आरोप है कि बार-बार लिखित शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने शिकायत दर्ज करने से इनकार कर दिया।

एक स्थानीय व्यक्ति ने कहा कि पुलिस ने साफ कहा है कि पार्षद शिकायत करेंगे तो दर्ज होगी, तुम लोगों की शिकायत दर्ज नहीं होगी। दावा किया जा रहा है कि स्थानीय लोगों ने पार्षद से पूजा को लेकर चंदा भी मांगा था जिस पर अलग से विवाद हुआ था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

59 − = 49