शिवरात्रि पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने की भूतनाथ मंदिर में पूजा, ममता सरकार की शिक्षा व्यवस्था को कटघरे में किया खड़ा

कोलकाता : केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को महाशिवरात्रि पर कोलकाता के भूतनाथ मंदिर में पूजा की। प्रदेश भाजपा के शीर्ष नेताओं के साथ उन्होंने इस मंदिर में जल अर्पण किया। उनके दौरे को केंद्र कर मंदिर के आसपास सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई थी। पूजा करने के बाद एक बार फिर उन्होंने पश्चिम बंगाल की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है और यहां शिक्षा अशिक्षा में तब्दील हो गई है।

उन्होंने दावा किया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में भाजपा का प्रदर्शन 2019 से भी बेहतर होगा। भ्रष्टाचार को लेकर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का सबसे बड़ा अपराध यह है कि उन्होंने सरस्वती की पावन भूमि में शिक्षा के क्षेत्र में भ्रष्टाचार किया है। शिक्षकों की भर्ती में भ्रष्टाचार और मिड डे मील में भ्रष्टाचार हो रहा है। बंगाल की जनता माफ नहीं करेगी। जांच चल रही है, सब कुछ सामने आएगा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में 2019 की तुलना में अब और अधिक उत्साह है इसलिए हमलोग भी अधिक बंगाल आ रहे हैं। भ्रष्टाचार की वजह से राज्य के लोग विकल्प के रूप में भाजपा को देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोलकाता के विश्व प्रसिद्ध भूतनाथ मंदिर में पूजा अर्चना करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।

हिसाब नहीं देती है बंगाल सरकार

धर्मेंद्र प्रधान ने एक बार फिर केंद्रीय योजनाओं में धन का आवंटन रोके जाने को लेकर रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि नियम है कि केंद्र को राज्य सरकार से जो भी रुपये मिलते हैं उसके खर्च का हिसाब केंद्र को देना पड़ता है लेकिन ममता बनर्जी की सरकार केवल पैसे लेती है और हिसाब नहीं देती।

बाद में पता चलता है कि उस पैसे को गबन कर लिया गया, डाइवर्ट करके तृणमूल नेताओं की जेब में डाल दिया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के लोगों की भलाई के लिए कई परियोजनाओं के नाम पर करोड़ों रुपये का आवंटन किया है लेकिन किसी को कोई लाभ नहीं मिला। बुआ और भतीजा जेब भर रहे हैं। क्या हम जेब भरने के लिए पैसे दें?

पंचायत चुनाव में भी भाजपा के बेहतर प्रदर्शन का दावा करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य की पंचायतों में डबल इंजन की सरकार बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा संगठन जमीन पर मजबूती से खड़ा है।

मृत भाजपा कार्यकर्ता के परिवार से मिले

पूजा अर्चना के बाद धर्मेंद्र प्रधान उत्तर कोलकाता से मानिकतला में हाल ही में मारे गए भाजपा कार्यकर्ता रंजन चक्रवर्ती के परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि रंजन काफी मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने क्षेत्र में भाजपा को मजबूत करने के लिए अथक प्रयास किया था। पिछले सप्ताह उनका निधन भाजपा परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उन्होंने उनके परिवार के प्रति एकजुटता और समर्थन जाहिर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

30 + = 38