कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के मामले में दो गिरफ्तार, मृतक के परिजनों से मिले अधीर रंजन चौधरी

मुर्शिदाबाद : मुर्शिदाबाद के खरग्राम में पंचायत चुनाव का नामांकन पत्र जमा करने के पहले दिन शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को देर रात गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों के नाम काजल शेख और शफीक शेख है। दोनों रतनपुर गांव के रहने वाले है। दूसरी तरफ, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने शनिवार को मृतक के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान घटना की निंदा करते हुए अधीर रंजन चौधरी ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े किए। उल्लेखनीय है कि पंचायत चुनाव के लिए नामांकन के पहले दिन मुर्शिदाबाद का खरग्राम राजनीतिक हत्या से गरमा गया था। मुर्शिदाबाद जिले के खरग्राम थाना अंतर्गत रतनपुर गांव के कांग्रेस कार्यकर्ता फूलचंद शेख (42) को कुछ बदमाशों ने प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि 15 से अधिक बदमाशों ने सबसे पहले फूलचंद शेख के साथ झगड़ा किया। इसके बाद 6 राउंड फायरिंग करते हुए फूलचंद को प्वाइंट ब्लैंक रेंज से गोली मार दी। घायल फूलचंद को गंभीर हालत में पहले खरग्राम अस्पताल ले जाया गया। बाद में जब हालत बिगड़ी तो उसे कांदी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। जहां उसकी वहीं मौत हो गई। इस घटना में स्थानीय तृणमूल नेता रफीक का नाम सामने आया। इधर, कांग्रेस कार्यकर्ता की हत्या के दस घंटे के भीतर पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 78 = 83