प्रशासनिक बैठक में बोलीं मुख्यमंत्री, ‘जो वादा करती हूं, उसे पूरा करती हूं’

Mamata Banerjee : File Photo

कोलकाता : मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गुरुवार को एक बार फिर दावा किया कि वह जो भी वादा लोगों से करती हैं, उसे हर हाल में पूरा करती हैं। उन्होंने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर झूठ बोलने का भी आरोप लगाया।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नदिया जिले में प्रशासनिक बैठक को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी वही बोलती हैं, जो पूरा कर सकती हैं। जो नहीं कर सकतीं, उस बारे में कुछ नहीं कहतीं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों को भी आगाह करते हुए कहा कि वादे उतने ही होने चाहिए, जितने पूरे हो सकें।

केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए ममता ने कहा कि सेंट्रल गवर्नमेंट का काम है केवल झूठ बोलना। उन्होंने कहा कि जब पूरे देश में कोरोना का संकट छाया हुआ था, तब केंद्र से मदद की उम्मीद थी लेकिन बंगाल के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लोगों को स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, लक्खी भंडार के तहत वित्तीय मदद, खाद्य साथी के तहत मुफ्त में राशन दिया जा रहा है।

इसके अलावा स्वास्थ्य साथी जैसी योजनाओं के जरिए लोगों को मुफ्त चिकित्सा की व्यवस्था की गई है। इसमें बड़ी धनराशि खर्च हो रही है। केंद्र को राज्य सरकार का जो हिस्सा देना चाहिए, वह भी मोदी सरकार नहीं दे रही। सरकारी परियोजनाओं को जारी रखने के लिए राज्य सरकार को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है लेकिन लोगों से किए गए हर वादे को निभाया जाएगा। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को लंबित पड़े सरकारी कार्यों और परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

45 − 35 =