सुकांत मजूमदार का विवादित बयान, कहा – नवान्न अभियान में झंडे के साथ डंडा जरूर रखें

बारासात : भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने एक विवादित बयान दिया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को नवान्न अभियान में पार्टी के झंडे के साथ डंडा तैयार करने की सलाह दी है। उन्होंने मंगलवार को बारासात में बाइक रैली के बाद इस तरह का बयान दिया। हालांकि बाद में सुकांत ने सफाई देकर मामले को सुलझाने की कोशिश की।

दरअसल भाजपा ने मंगलवार को बारासात में बाइक रैली निकाली। सुकांत वहां बाइक की सवारी करते नजर आये। रैली के अंत में सुकांत ने जनसभा को संबोधित किया। वहां से सुकांत ने पार्टी कार्यकर्ताओं-समर्थकों को नवान्न अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि चोर नेता आने वाली पीढ़ी को बर्बाद कर रहे हैं, उनके खिलाफ 7 सितंबर को नया अभियान चलाया जाएगा। उस दिन झंडा साथ लायें और झंडे के साथ डंडा ज़रूर रखिएगा। हम लाठी-डंडों के साथ नवान्न अभियान को अंजाम देंगे। हालांकि सुकांत ने स्थिति संभालने के लिए पत्रकारों को सफाई दी। उन्होंने कहा कि हमने पुलिस को अक्सर नवान्न अभियान में आंसू गैस के गोले और वाटर कैनन प्रदर्शनकारियों पर दागते देखा है। ऐसे में झंडे को ऊंचा रखने के लिए एक पोल की जरूरत होगी इसलिए मैंने झंडा के साथ डंडा रखने की बात कही है।

तृणमूल के राज्य महासचिव कुणाल घोष ने सुकांत के इस बयान पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ये सब उकसावा देने वाली टिप्पणियां हैं। भाजपाइयों को ममता बनर्जी से यह सीखना चाहिए कि कैसे वामपंथियों के समय तृणमूल नेता ममता बनर्जी ने पुलिसिया आतंक के खिलाफ शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक आंदोलन का नेतृत्व किया। और यदि उन्हें आंदोलन करना ही है तो बंगाल का बकाया निपटाने के लिए आंदोलन करें। गुटबाजी से छिन्न-भिन्न हुई भाजपा यह सब कुछ सिर्फ मीडिया में बने रहने के लिए कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 88 = 91