मुख्यमंत्री को गलत जानकारी दे रहे नौकरशाह, सोशल मीडिया पर तृणमूल नेता का सनसनीखेज दावा

कोलकाता : सोशल मीडिया पर एक तृणमूल नेता ने सनसनीखेज दावा करते हुए लिखा कि नौकरशाह मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को गलत जानकारी दे रहे हैं। मुख्यमंत्री को झूठी सूचना देकर नौकरशाह और पार्टी के नेता सच छुपा रहे हैं। मालबाजार मामले में पार्टी के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष तमाल घोष ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री से न्याय की गुहार लगाई है।

सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए मालबाजार ग्रामीण प्रखंड के पूर्व अध्यक्ष ने लिखा, ‘दीदी आप हमारी माँ जैसी हैं। आप मालबाजार आयीं, हम बहुत खुश और उत्साहित हैं। हम आपसे न्याय की उम्मीद करते हैं। हमारी पार्टी के कुछ नेतृत्व और नौकरशाह आपको गलत जानकारी देकर सच्चाई को छुपा रहे हैं। दरअसल कुछ परिवारों को डरा-धमका कर उन्हें झूठ बोलने के लिये बाध्य किया गया। लोग डर के कारण सच नहीं बोल रहे हैं। यदि आपने सच्चाई का पता नहीं लगाया और कार्रवाई नहीं की, तो भविष्य में पार्टी को एक बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। यह आगामी चुनावों को भी प्रभावित करेगा। हमें आप पर विश्वास है।’ वहीं तमाल घोष के सोशल मीडिया पोस्ट का तृणमूल कांग्रेस के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष महबूब आलम ने भी समर्थन किया।

उल्लेखनीय है कि 5 अक्टूबर को दुर्गा प्रतिमा के विसर्जन के मौके पर मालबाजार के हरपा बान की चपेट में आकर 8 लोगों की मौत हो गई थी। मुख्यमंत्री सोमवार को पीड़ित परिवारों से मिलने गयी थीं। इस बीच मुख्यमंत्री को संबोधित खुले पत्र ने तृणमूल कांग्रेस पार्टी में सनसनी मचा दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

79 − 75 =