यात्रियों के लिए खुल गया सियालदह मेट्रो स्टेशन

  • प्रथम सवारी के लिए तड़के 3 बजे से कतार में लगे लोग

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में नवनिर्मित सियालदह मेट्रो स्टेशन गुरुवार को यात्रियों के लिए खोल दिया गया। मेट्रो स्टेशन से खुलने वाली पहली ट्रेन में सवारी के लिए तड़के 3:00 बजे से ही लोगों ने लंबी कतार लगा दी थी। मेट्रो रेलवे की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि सुबह 6:55 पर पहली मेट्रो ट्रेन रवाना हुई।

सूत्रों ने बताया कि तड़के 3:00 बजे एक व्यक्ति पहला यात्री बनने के लिए मेट्रो स्टेशन के पास पहुंच गया था। उसके बाद धीरे-धीरे लोग आने लगे थे। केवल रविवार को छोड़कर प्रतिदिन सियालदह से सेक्टर-5 के बीच मेट्रो के सौ फेरे लगेंगे। सियालदह से सेक्टर-5 जाने में 21 मिनट का वक्त लगेगा। गुरुवार की सुबह सियालदह स्टेशन से जहां पहली ट्रेन 6:55 पर छूटी वहीं साल्टलेक सेक्टर 5 से सियालदह के लिए पहली ट्रेन सुबह 7:00 बजे रवाना हुई। रात 9:35 बजे सियालदह से आखरी ट्रेन चलेगी जबकि सेक्टर 5 से सियालदह के लिए आखिरी ट्रेन 9:40 पर चलेगी।

मेट्रो रेलवे ने बताया है कि फिलहाल ऑफिस टाइम में 15 मिनट के अंतराल पर ट्रेन चल रही है। बाकी समय में 20 मिनट के अंतराल पर मेट्रो रवाना हो रही है। सियालदह से खुलते ही पहला स्टेशन फूल बागान पड़ेगा। उसके बाद सॉल्टलेक स्टेडियम, बंगाल केमिकल, सिटी सेंटर, सेंट्रल पार्क, करुणामयी होते हुए सॉल्टलेक सेक्टर-5 पहुंचा जा सकेगा। बस से सियालदह से सेक्टर-5 जाने में कम से कम एक घंटे का समय लगता है।

ईस्ट वेस्ट मेट्रो प्रबंधन ने बताया है कि सियालदह स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 5 लिफ्ट लगाए गए हैं। इसके अलावा 27 टिकट काउंटर खोले गए हैं। साथ ही सियालदह स्टेशन पर डबल डिस्चार्ज प्लेटफार्म बनाए गए हैं। यानी मेट्रो ट्रेन के दरवाजे दोनों तरफ खुलेंगे और लोग दोनों तरफ उतर पाएंगे क्योंकि सियालदह रेलवे स्टेशन एशिया के सबसे बड़े स्टेशनों में से एक हैं और यहां प्रतिदिन कम से कम 13 लाख लोग ट्रेन से चढ़ते उतरते हैं इसलिए मेट्रो में भी भारी भीड़ होने की संभावना है। एक अनुमान लगाया गया है कि कम से कम 9 लाख लोग नियमित तौर पर सियालदह से मेट्रो का सफर करेंगे इसलिए इंफ्रास्ट्रक्चर को इतने बड़े पैमाने पर विकसित किया गया है। उल्लेखनीय है कि सोमवार को केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने इस मेट्रो स्टेशन का उद्घाटन किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

73 − 63 =