कानपुर में सड़क हादसा, 26 लोगों की मौत, सभी का होगा सामूहिक अंतिम संस्कार

कानपुर : कानपुर आउटर क्षेत्र के साड़ थाना क्षेत्र में शनिवार की रात सड़क हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 10 से अधिक लोग घायल हुए हैं। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी को बाहर निकाला। सभी श्रद्धालु चंद्रिका देवी मंदिर से मुंडन संस्कार कराके वापस घर लौट रहे थे। मृतकों में 13 बच्चे और 13 महिलाएं शामिल हैं।

हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। लोग ट्रॉली के नीचे आधे घंटे तक दबे रहे। अधिकतर लोगों की मौत पानी के ही अंदर हो गई। चश्मदीदों ने बताया कि वो लोग आराम से बैठकर आ रहे थे। तभी अचानक ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। सभी लोग पानी से भरे गड्ढे में गिर गए। इनके साथ के तेज स्वरूप सिंह ने बताया कि सभी लोग घाटमपुर के कोरथा गांव के रहने वाले हैं। घायलों को भीतरगांव सीएचसी में भर्ती कराया गया। गंभीर घायलों को कानपुर के हैलट हॉस्पिटल रेफर किया गया है। देर रात सभी शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। सभी को सुबह कोरथा गांव लाया गया है जहाँ इनका एक साथ अंतिम संस्कार कराया जाएगा।

थानेदार समेत पांच पुलिस कर्मी सस्पेंड :

एडीजी भानु भाष्कर ने साड़ थाना प्रभारी आनंद पांडेय समेत 4 पीआरवी के जवानों को लापरवाही के आरोप में सस्पेंड कर दिया है। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद सही समय पर न पहुंचने पर पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की गई है। सूचना है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मृतकों के परिजनों से मिलने के लिए कानपुर पहुंच रहे हैं।

घायल रामशंकर ने बताया कि ट्रैक्टर ट्रॉली आराम से सड़क पर चल रही थी। सामने से एक वाहन और आ रहा था। लाइट लगने की वजह से ड्राइवर को गड्ढा नहीं दिखाई दिया। जब चालक ने गड्ढ़ा देखा तो उसने बचाने की कोशिश की। इसी में ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित हो गई और खंती में जाकर पलट गई।

हादसे की होगी जांच :

एडीसी कानपुर भानु भाष्कर ने बताया कि हादसे में 26 लोगों की मौत हुई है। हादसे की वजह क्या थी? यह जानने के लिए मजिस्ट्रेट जांच का आदेश किया गया है। इस बीच कानपुर जोन के अपर पुलिस महानिदेशक ने राहत और बचाव कार्यों का जायजा लिया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। कानपुर हैलेट मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. संजय काला ने बताया कि 2 बच्चों की मौत डूबने से हुई है। इनके नाम 3 वर्ष की दिव्या और 12 साल की रंजना है। बाकी 4 लोग की हालत खतरे से बाहर हैं।

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को 2-2 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये दिये जाने की घोषणा की

उत्तर प्रदेश के कानपुर में साढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार की देर शाम श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पानी से भरे खड्ड में पलट गई। हादसे में 32 लोगों के मरने की सूचना है। कानपुर नगर जिलाधिकारी ने 26 लोगों के मौत होने की पुष्टि की है। हादसे को लेकर राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये देने की घोषणा की। इसी तरह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दुर्घटना में घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

68 − = 58