निगम चुनाव के दिन भाजपा का राज्यव्यापी आंदोलन की तैयारी

कोलकाता : रविवार को कोलकाता नगर निगम चुनाव वाले दिन किसी भी तरह की हिंसा होने पर पूरे महानगर को घेरने की तैयारी में भारतीय जनता पार्टी जुट गई है। नेता प्रतिपक्ष और वरिष्ठ विधायक शुभेंदु अधिकारी ने पहले ही इस बात की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर चुनाव में किसी भी तरह की हिंसा होती है तो पार्टी पूरे कोलकाता को घेरेगी। उसी के मुताबिक शनिवार को उन्होंने अपनी पार्टी के सभी विधायकों और सांसदों को कार्यकर्ताओं के साथ तैयार रहने का निर्देश दे दिया है।

भाजपा ने फैसला किया है कि जब भी कोलकाता में कहीं भी कोई हिंसा होगी, तो पूरे राज्य में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। भाजपा के सूत्रों के अनुसार पार्टी के सभी विधायकों को रविवार सुबह से जिला कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ रहने का निर्देश दिया गया है। जिले के नेताओं को भी तैयार रहने को कहा गया है। सुबह 10 बजे के बाद निर्देश मिलते ही जिला नेतृत्व को जिलों में सड़क जाम कार्यक्रम में भाग लेना होगा। कोलकाता के आसपास के जिलों को इस कार्यक्रम को अधिक महत्व देने के लिए कहा गया है। उत्तर व दक्षिण 24 परगना और हावड़ा, हुगली के नेताओं को रविवार सुबह से आवश्यक तैयारी करने को कहा गया है।

कोलकाता में मतदान के दिन ज्यादातर विधायक शहर में नहीं रह पाएंगे। हालांकि, आसनसोल दक्षिण की विधायक अग्निमित्रा पाल कोलकाता की मतदाता हैं इसलिए रहेंगी। पता चला है कि अग्निमित्रा को भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में रहने के लिए कहा गया है। बाकी विधायक अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों से कोलकाता पर नजर रखेंगे। अग्निमित्रा के अलावा, पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो और बैरकपुर के अर्जुन सिंह को भी प्रदेश मुख्यालय में रहने को कहा गया है। इसके अलावा पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष प्रताप बनर्जी और महासचिव (संगठन) अमिताभ चक्रवर्ती भी मौजूद रहेंगे। पता चला है कि कोलकाता में भाजपा कार्यकर्ताओं को भी तैयार रहने का निर्देश दिया गया है। हिंसा होते ही विरोध प्रदर्शन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 7