सुकांत-शुभेंदु की केंद्रीय पंचायत मंत्री से संभावित मुलाकात 19 को

कोलकाता : भाजपा के पश्चिम बंगाल प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने केंद्रीय पंचायत मंत्री से मुलाकात के लिए समय मांगा है। प्रदेश भाजपा के ये दोनों नेता 19 दिसंबर को एक साथ गिरिराज सिंह से मुलाकात करेंगे।

सुकांत मजूमदार का दावा है कि वह पंचायत स्तर पर चोरी रोकने के लिए केंद्रीय मंत्री से मिलना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक भाजपा नेताओं और केंद्रीय मंत्री की मुलाकात का विशेष मुद्दा सौ दिन (मनरेगा) रोजगार योजना के तहत राज्य को मिलने वाली बकाया राशि हो सकता है।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय पंचायत मंत्री गिरिराज सिंह ने बुधवार को राज्य के पंचायत मंत्री प्रदीप मजूमदार से फोन पर बात की थी। उन्होंने बकाया राशि का भुगतान करने का आश्वासन दिया है। केंद्र ने लंबे समय से सौ दिनों के काम का बकाया रोक रखा है। बकाया पैसे की मांग को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात भी की थी। इसके बाद राज्य के मंत्री फिर केंद्रीय पंचायत मंत्री से मिले भी। अंत में, गिरिराज सिंह ने बकाया राशि का भुगतान करने का वादा करते हुए राज्य मंत्री को फोन किया।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा कि यह साबित हो चुका है कि सौ दिन रोजगार परियोजना के पैसों को लेकर पंचायत स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है। कई पंचायत प्रधानों ने पैसा वापस भी किया है। उन्हें राज्य को मिलने वाले राशि का भुगतान करने में कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन उन्होंने केंद्रीय मंत्री के पास जाकर गुहार लगाने का फैसला किया है कि पैसा तृणमूल नेताओं के हाथ में नहीं जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

68 − 65 =