पहलगाम में गहरी खाई में गिरी पुलिस बस, आईटीबीपी के 6 जवान शहीद व 33 घायल

अमरनाथ से सुरक्षाबलों के जवानों को लेकर पहलगाम आ रही थी बस

अनंतनाग : दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम इलाके में मंगलवार को एक पुलिस बस के गहरी खाई में गिर जाने से आईटीबीपी के 6 जवान शहीद हो गए हैं। इस दुर्घटना में 33 जवान घायल हुए हैं। घायलों को इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर श्रीनगर के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया है।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आईटीबीपी के 37 जवानों और 2 पुलिसकर्मियों को लेकर अमरनाथ से लौट रही थी। यह पुलिस बस चंदनवाड़ी और पहलगाम के बीच अचानक फिसल जाने से गहरी खाई में गिर गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे की खबर मिलते ही बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को निकालने के लिए एयरलिफ्ट की मदद ली गई और उन्हें श्रीनगर के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि हादसे में आईटीबीपी के 6 जवानों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 33 जवान घायल हुए हैं। इनमें 10 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में 2 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को श्रीनगर के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया है।

राष्ट्रपति मुर्मू ने आईटीबीपी जवानों की मृत्यु पर शोक जताया

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बस हादसे में भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के जवानों की मृत्यु पर शोक जताया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने ट्वीट संदेश में कहा, “जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में आईटीबीपी कर्मियों के अनमोल जीवन का दुखद नुकसान मुझे दुख से भर देता है। शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी ट्वीट कर इस हादसे पर दुःख जताया है। उन्होंने लिखा, ‘पहलगाम में हुए हादसे में आईटीबीपी जवानों और पुलिस कर्मियों की मौत की खबर सुनकर दुःख हुआ है। मैं मृत जवानों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती हूँ। घायलों के शीघ्र कुशल होने के लिए प्रार्थना करती हूँ।’

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव व सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी इस हादसे पर दुःख प्रकट करते हुए ट्वीट किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + 1 =