बंगाल के कई नगरपालिका इलाकों में लागू हुआ आंशिक लॉकडाउन

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में कोरोना के मामलों में तेजी से हो रही वृद्धि से चिंतित प्रशासन ने विभिन्न नगरपालिका इलाकों में आंशिक लॉकडाउन लगाने का ऐलान कर दिया है। इस दौरान बाजार पूरी तरह से बंद कर दिए गए हैं।

बताया गया कि उत्तर 24 परगना राज्य के ऐसे जिलों में शामिल है, जहां कोरोना के सबसे ज्यादा मामले हैं। कोरोना के ग्राफ को देखते हुए अलग-अलग जगहों पर लॉकडाउन शुरू हो गया है। मध्यमग्राम नगरपालिका ने गुरुवार से तीन दिन के लिए आंशिक लॉकडाउन लगा दिया है।

दमदम नगरपालिका के बोर्ड आफ एडमिनिस्ट्रिेटर के चेयरपर्सन हरेन्द्र सिंह ने बताया कि अब दमदम पालिका ने भी संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए बाजारों को बंद रखने का निर्णय लिया है। दमदम नगरपालिका इलाके में गुरुवार और सोमवार को आंशिक लॉकडाउन रखा गया है। आंशिक लॉकडाउन के मद्देनजर बाजार, शापिंग मॉल, की दुकानें, रेस्तरां सभी बंद हैं। केवल दवा और मिठाई की दुकानें खुली हैं।

इसके पहले बारानगर, कमरहट्टी, पानीहाटी, बैरकपुर, हालीशहर, कांचरापाड़ा नगरपालिकाओं ने भी आंशिक लॉकडाउन लगा रखा है। टीटागढ़ नगरपालिका में फिलहाल सप्ताह में रविवार को बाजारों को बंद रखा जा रहा है। दूसरी ओर कमरहट्टी, बारानगर, पानीहाटी, बैरकपुर पालिकाओं में जारी निर्देशों को लेकर पुलिस प्रशासन की सख्ती भी देखी गयी।

दूसरी ओर, मध्यमग्राम नगरपालिका क्षेत्र में आज से तीन दिन का आंशिक लॉकडाउन शुरू हो गया है। मध्यमग्राम नगरपालिका के सभी क्षेत्रों में यह लॉकडाउन अगले शनिवार तक जारी रहेगा। पुलिस आज सुबह से इलाके में गश्त लगा रही है। आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर सब कुछ बंद है। इस बीच कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार तीन दिन से अचानक आंशिक लॉकडाउन के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इससे रोज कमाने वालों की रोजी-रोटी प्रभावित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 + 7 =