दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब व राजस्थान में अफीम सप्लाई करने वाले गिरोह का पर्दाफाश

महिला समेत 5 तस्कर दबोचे, 1 करोड़ की अफीम बरामद

गाजियाबाद : गाजियाबाद की क्राइम ब्रांच पुलिस ने रविवार को दिल्ली एनसीआर, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब व राजस्थान में सक्रिय एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है जो अफीम की सप्लाई झारखंड से लाकर करता है। पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार कर 1 करोड़ रुपये की अफीम बरामद की है। गिरफ्तार अभियुक्तों में एक महिला भी शामिल है। यह लोग झारखंड से अफीम लाकर गाजियाबाद में सप्लाई करने आए थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इनको दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक नगर निपुण अग्रवाल बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में बरेली निवासी श्याम बिहारी गजेंद्र कुमार, झारखंड निवासी विनोद कुमार गुप्ता, बदायूं निवासी देवेंद्र कुमार तथा एक महिला शामिल है। उन्होंने बताया कि क्राइम ब्रांच के प्रभारी अब्दुल रहमान को सूचना मिली कि कुछ लोग गाजियाबाद में अफीम की सप्लाई करने इको कार से आ रहे हैं। उन्होंने अपना जाल बिछाया और जैसे ही लोग बताई जगह पर पहुंचे और उनको दबोच लिया। उनके पास बरामद हुई इको कार की जब तलाशी ली गई तो उसमें 05 किलो 05 ग्राम अफीम बरामद हुई। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये है।

पूछताछ में विनोद कुमार गुप्ता ने पुलिस को बताया कि यह लोग रांची से चले थे और यहां आकर उन्हें डिलीवरी देनी थी। उसने बताया कि किसी को शक ना हो इसलिए वे अपने साथ परिवार की एक महिला को भी रखते हैं। बरेली, अलीगढ़, दिल्ली गाजियाबाद में इस धंधे में लिप्त लोगों से सम्पर्क करके ऑर्डर ले लेते हैं। ऑर्डर के समय ही वे माल की कीमत एडवांस में जमा करा लेते हैं। उसके बाद माल की डिलीवरी करते हैं। जब यह लोग माल की डिलीवरी बताए हुए स्थान पर जाकर करते हैं तो उस समय अपने मोबाइल फोन बंद कर लेते हैं ताकि पकड़ में ना आ सकें। अब्दुल रहमान ने बताया कि गिरोह के सदस्यों से और गहन पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 5 = 3