ऑनलाइन धोखाधड़ी का अभियुक्त उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

कोलकाता : एक आईएएस अधिकारी के नाम का इस्तेमाल कर सोशल मीडिया के जरिए लोगों से धोखाधड़ी करने के अभियुक्त शख्स को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम बिलाल (21) है। शनिवार को पुलिस के सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार विधाननगर साइबर क्राइम थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर बिलाल को शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के नगला के ओटावा स्थित चौकी बांगर से गिरफ्तार किया गया है। वह उत्तर प्रदेश के मथुरा का रहने वाला बताया जा रहा है।

आरोप है कि बिलाल ने एक आईएएस अधिकारी के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल खोली जहां उसने एक आईएएस अधिकारी की तस्वीर भी लगा ली। इसके बाद वह अलग-अलग लोगों से चैट करता था और पैसे मांगता था। आरोप है कि वह लोगों से पैसा गूगल पे के जरिए देने को कहता था।

पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि उसने लाखों रुपये की ठगी की है। गिरफ्तार अभियुक्त को शनिवार को विधाननगर अनुमंडल न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने अभियुक्त को अपनी हिरासत में ले लिया है।

इस धोखाधड़ी में जिस अधिकारी के नाम का इस्तेमाल किया गया था उन्होंने ही सितंबर 2021 में शिकायत दर्ज करवाई थी। 9 सितंबर, 2021 को दर्ज शिकायत के आधार पर विधाननगर की साइबर क्राइम ब्रांच ने जांच शुरू की। जांचकर्ताओं ने इस्तेमाल की जा रही फर्जी फेसबुक प्रोफाइल का पता लगाया। साइबर क्राइम पुलिस के आईसी शिशिर कुमार नस्कर ने जांच की कमान संभाली। जांच के दौरान कई इलेक्ट्रॉनिक दस्तावेज, जानकारियां हाथ लगीं। इसके बाद मुख्य आरोपित को पुलिस ने चिन्हित कर कर लिया। उसका मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है। उसके खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। धोखाधड़ी की धारा भी जोड़ी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 3 = 2