हावड़ा से अमरनाथ यात्रा को गई माँ और दो बेटियों की कोई खबर नहीं, चिंता में परिवार

हावड़ा : अमरनाथ यात्रा में हावड़ा की निवासी दो बेटियां और उनकी माँ लापता हो गई हैं। इस कारण उनके परिवार के लोगों की चिंता बढ़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार झुमा सिंह (43), शीला सिंह (68) और प्रीति मन्ना (40) गत दो जुलाई को हावड़ा से अमरनाथ यात्रा के लिए रवाना हुए थे। वे हावड़ा से हिमगिरी एक्सप्रेस से निकले। वे यात्रा की शुरुआत से ही अपने परिवार के सदस्यों से फोन पर बात कर रहे थे। शुक्रवार की दोपहर भी उन लोगों ने अपने परिवार के लोगों से बात की थी लेकिन उसके बाद से खबर लिखे जाने तक उनके परिवार के लोगों से फोन पर सम्पर्क नहीं हो पाया था। इस बीच अमरनाथ में प्राकृतिक आपदा की खबर मिलने के बाद परिजन और चिंतित हो गए हैं।

परिवार के सदस्यों ने कहा कि वे बार-बार अपने लोगों को फोन करने की कोशिश कर रहे हैं लेकिन अभी तक कोई संवाद नहीं हो पाया है। परिवार के लोगों को कोई उपाय नहीं सूझ रहा है और वे बेहद चिंता में है।

उल्लेखनीय है कि अमरनाथ यात्रा 30 जून को शुरू हुई थी। इस बार अमरनाथ के श्रद्धालुओं को शुरू से ही चुनौतियों का सामना करना रहा है। स्थानीय प्रशासन ने कुछ दिन पहले प्रतिकूल मौसम के कारण यात्रा स्थगित करने का फैसला किया था। वापसी करने वालों को पहलगाम में ननवान बेस कैंप से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी गई। शुक्रवार को मौसम में कुछ सुधार हुआ और श्रद्धालुओं को आगे बढ़ने की अनुमति दी गई। खराब मौसम के चलते गांदरबल जिले के बालटाल के अमरनाथ यात्रियों के लिए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अब तक एक लाख श्रद्धालु अमरनाथ गुफा के दर्शन कर लौट चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

40 − 37 =