मंत्री शोभनदेव ने कहा : मुख्यमंत्री सही समय पर देंगी महंगाई भत्ता

कोलकाता : महंगाई भत्ते (डीए) को लेकर राज्य के मंत्री शोभनदेव चटर्जी ने दावा किया है कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सही समय पर डीए देंगी। राज्य के कृषि मंत्री ने सरकारी कर्मचारियों को इसे लेकर धैर्य रखने की सलाह दी है। शनिवार को विधानसभा में डीए को लेकर एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी कर्मचारियों को सही समय पर भत्ता देंगी। ममता चाहती हैं कि सरकारी कर्मचारियों को भत्ता मिले लेकिन मुख्यमंत्री को आम आदमी के बारे में भी सोचना होगा। उन्होंने गरीब लोगों को ध्यान में रखते हुए राज्य में कई परियोजनाएं शुरू की हैं, हमें पहले उनके बारे में सोचना होगा।

मुख्यमंत्री के मानवीय पक्ष पर प्रकाश डालते हुए शोभनदेव ने आगे कहा कि जिन्हें डीए नहीं मिल रहा है, उन्हें दोनों टाइम दो वक्त खाना मिलता है लेकिन जिनके लिए मुख्यमंत्री ने परियोजनाएं शुरू की हैं वे बेहद गरीब हैं। इसीलिए मुख्यमंत्री भी उन लोगों के बारे में सोच रही हैं।

गौरतलब है कि कलकत्ता हाईकोर्ट ने इसी साल 20 मई को राज्य सरकार को बकाया महंगाई भत्ते का भुगतान तीन महीने के भीतर करने का निर्देश दिया था। राज्य के सरकारी कर्मचारियों को 31 प्रतिशत की दर से डीए देने को कहा गया है। वहीं समय सीमा के बाद भी डीए नहीं देने पर हाईकोर्ट में अवमानना का मामला दर्ज कराया गया था। इस बीच, राज्य सरकार ने डीए पर फैसले की समीक्षा का अनुरोध करते हुए सुप्रीम कोर्ट में कहा है कि राजकोष खाली है, डीए देने पर आर्थिक आपातकाल जैसे हालात होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

12 + = 18