शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में मानिक भट्टाचार्य की पत्नी और बेटे ने कोर्ट में किया सरेंडर

कोलकाता : शिक्षक भर्ती भ्रष्टाचार मामले में शनिवार को प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मानिक भट्टाचार्य की पत्नी व बेटे सरेंडर करने बैंकशाल कोर्ट पहुंचे। मामले में दाखिल चार्जशीट में मानिक की पत्नी शतरूपा भट्टाचार्य और बेटा शौविक भट्टाचार्य के नाम शामिल किये गये थे। उसी के आधार पर कोर्ट ने मानिक की पत्नी और बेटे को तलब किया था। शनिवार को दोनों ने कोर्ट में सरेंडर कर जमानत के लिए अर्जी दी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मानिक की पत्नी और बेटे की जमानत याचिका का विरोध किया है।

खास बात यह है कि मानिक की पत्नी का एक मृत बैंकर के साथ संयुक्त बैंक खाता है। ईडी का दावा है कि उस खाते में तीन करोड़ रुपये हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी ने पहले अदालत को बताया था कि जिस व्यक्ति के साथ मानिक की पत्नी का बैंक में संयुक्त खाता है, उसका नाम मृत्युंजय चक्रवर्ती है। वर्ष 2016 में उनका निधन हो गया था लेकिन अभी तक उनका नाम अकाउंट से नहीं हटाया गया है। उस बैंक खाते में कई करोड़ रुपये का लेन-देन भी हुआ है। ईडी के वकील के मुताबिक ये रिश्वत के पैसे हो सकते हैं।

ईडी ने प्राथमिक भर्ती घोटाला मामले में अभियुक्त मानिक पर वित्तीय गबन का आरोप लगाया है। मानिक के बेटे शौविक भट्टाचार्य की भूमिका भी जांच के दायरे में है। शौविक पर राज्य के कई शिक्षण संस्थानों से अवैध रूप से पैसे निकालने का आरोप है।

ईडी का आरोप है कि मानिक के नाम पर कई बेनामी संपत्तियां मिली हैं। यहां तक कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने कोर्ट को बताया कि भर्ती भ्रष्टाचार की जांच में उनके बेटे शौविक के नाम से बड़ी संपत्ति मिली है। दावा किया गया है कि मानिक के बेटे के संगठन ने राज्य के 530 निजी बीएड और डीएलएड कॉलेजों से करोड़ों रुपये लिए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

85 + = 91