कोलकाता : दक्षिण कोलकाता के ढाकुरिया इलाके में रविवार को एक व्यक्ति की पीट पीट कर हत्या कर दी गई। घटना का वीडियो भी सार्वजनिक हो गया। इस घटना के बाद से इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक का नाम सुशांत मंडल था। आरोप है कि एक शराब की दुकान में उसकी पीट पीट कर हत्या कर दी गई।

Advertisement

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपित को शराब की दुकान से बाहर नहीं निकाल पाई थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार रविवार की दोपहर सुशांत मंडल ढाकुरिया चौराहे के पास शराब की दुकान पर गया था। तभी सुशांत की शराब की दुकान के एक कर्मचारी से किसी बात को लेकर बहस हो गई। बात इतनी बढ़ गई कि शराब दुकान के कर्मचारी ने सुशांत को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान आरोपित ने सुशांत के सिर को बार बार जमीन पर पटका। पिटाई के दौरान ही सुशांत की मौत हो गई। खबर मिलते ही रवीन्द्र सरोबार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। सुशांत के मौत की खबर इलाके में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते इलाके के लोग इकट्ठा हो गए। उत्तेजित भीड़ ने शराब की दुकान में तोड़फोड़ शुरू कर दी। मामला इतना गरमा गया कि आसपास के कई अन्य थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, स्थानीय लोगों के विरोध के कारण खबर लिखे जाने तक पुलिस आरोपित को थाने नहीं ले जा सकी थी।

स्थानीय लोगों की मांग है कि आरोपित को उनके सामने लाया जाए। मृतक के परिजन आरोपित को फांसी देने की मांग कर रहे थे। पुलिस उत्तेजित भीड़ को शांत करने की कोशिश कर रही थी।

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here