ममता सरकार ने सैलून और ब्यूटी पार्लर भी खोलने की दी अनुमति

कोलकाता : बंगाल की ममता बनर्जी सरकार ने राज्य में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों के बीच शनिवार को राज्य में कोरोना प्रतिबंधों में कुछ ढील देने का निर्णय लिया। जिसके अनुसार, अब सैलून और ब्यूटी पार्लरों को 50 प्रतिशत क्षमता के साथ रात 10 बजे तक चलाने की अनुमति दी गई है। इस संबंध में एक जारी एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि प्रतिष्ठान के मालिकों को यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके कर्मचारियों को कोरोनारोधी टीके की दोनों खुराक लग चुकी है और वे स्वास्थ्य संबंधी सभी प्रोटोकाल का पालन कर रहे हैं।

यह आदेश कब से प्रभावी होगा, इसके बारे में हालांकि कोई स्पष्टीकरण नहीं दिया गया है। आदेश में कहा गया कि सैलून और पार्लर को नियमित रूप से सेनिटाइज किया जाना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि राज्य में कोरोना वायरस के लगातार बढ़ते मामलों के मद्देनजर राज्य सरकार ने बीते सोमवार से कई पाबंदियों को लागू किया था। इसके कारण राज्य में सभी शैक्षणिक संस्थान बंद हैं और उड़ान सेवाओं में बदलाव किया गया है।

इसके अलावा जिम, सभी पर्यटन केंद्र, मनोरंजन पार्क भी बंद हैं। इसके अलावा लोकल ट्रेनों व मेट्रो में भी 50 प्रतिशत यात्री क्षमता के साथ ही संचालन की अनुमति है। सैलून और ब्यूटी पार्लरों को भी बंद रखने का निर्देश दिया गया था लेकिन अब राज्य सरकार ने पाबंदियों में ढील देते हुए इसे खोलने की छूट दे दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

22 + = 27