ममता को देश विरोध की पड़ गई है आदत : अग्निमित्रा पॉल

कोलकाता : भाजपा की विधायक अग्निमित्र पॉल ने आरोप लगाया है कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हर छोटे बड़े मुद्दे पर किसी भी बहाने से देश के विरोध की आदत पड़ गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा का विरोध करते-करते ममता और तृणमूल कांग्रेस भारत विरोध की राह पर चल पड़े हैं। शनिवार को अग्निमित्रा ने ट्विटर पर लिखा कि जिस तरह से तृणमूल के मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ में जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की हत्या से केंद्र सरकार की हालिया अग्निपथ योजना को जोड़ा गया है, वह चौंकाने वाला है। शिंजो आबे का हत्यारा 2005 तक मैरिन टाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स का सदस्य था। खुद ही नौकरी छोड़ दी थी। उसके बाद भी कई नौकरियां कर चुका है। उसने हत्या क्यों की, इस बारे में अभी भी स्थिति स्पष्ट नहीं है लेकिन भारत में तृणमूल कांग्रेस इसका कारण ढूंढ चुकी है और अपने मुखपत्र में इसके साथ अग्निपथ योजना को जोड़ रही है।

अग्निमित्रा ने यह भी कहा कि उसी तरह से पुलवामा में जब जवानों पर हमला हुआ था तब ममता ने हमलावरों को छोड़कर सुरक्षा एजेंसियों पर सवाल खड़ा कर लिया था। उन्होंने पूछा था कि चुनाव से पहले आतंकवादी हमला क्यों हुआ है। उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक का प्रमाण मांगा था। भारतीय सेना ने सर्जिकल स्ट्राइक के बारे में जानकारी दी थी लेकिन उस पर ममता को भरोसा नहीं हुआ। अग्निमित्र ने कहा कि ममता को ना तो राज्य की चिंता है और ना ही देश की।

उन्होंने आंकड़े का जिक्र करते हुए कहा कि अभी तक 7 लाख 49 हजार 899 युवाओं ने भारतीय वायुसेना में अग्निपथ योजना के तहत भर्ती के लिए आवेदन किया है। 24 जून से 5 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन किया गया है, इतना आवेदन रिकॉर्ड है। इसके पहले कभी भी इतनी अधिक संख्या में युवाओं ने आवेदन नहीं किया था, ऐसे में इस योजना का विरोध समझ से परे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

11 − = 5