महान फुटबॉलर पेले की हालत बेहद नाजुक, दवा बेअसर, चाहने वाले शोकाकुल

साओ पाओलो : कतर में जारी फीफा विश्व कप 2022 के बीच ब्राजील से फुटबॉल के प्रशंसकों को उदास करने वाली सूचना है। फुटबॉल जगत के महान खिलाड़ी पेले की हालत नाजुक बताई है। दवा ने असर करना बंद कर दिया है। इस सूचना से सारी दुनिया में शोक की लहर है।

पेले को गंभीर हालत में साओ पाओलो के अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्हें कैंसर है। 30 नवंबर को 82 वर्षीय पेले को सामान्य जांच के लिए अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों का कहना है कि इलाज का बहुत फायदा नहीं दिख रहा। उनकी काफी दिनों से कीमोथेरेपी चल रही थी। अब तो इस दवा का उनके शरीर के अंगों पर कोई असर नहीं हो रहा है।

अल्बर्ट आइंस्टीन अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक महान खिलाड़ी पेले के शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है। कीमोथैरेपी का कोई प्रभाव नहीं पड़ रहा है। ब्राजीलियन मीडिया के मुताबिक पेले को पैलिएटिव केयर में शिफ्ट किया गया है। इसे एंड ऑफ लाइफ केयर कहा जाता है। पेले की गंभीर बीमारी की खबर सामने आते ही पूरी दुनिया में शोक की लहर है। लोग उनके लिए प्रार्थना कर रहे हैं। पेले की बेटी केली नैसिमेंटो ने लोगों से दुआ करने की अपील की है।

फ्रांस के युवा स्टार किलियन एम्बापे ने कहा कि किंग के लिए दुआ कीजिए। ब्राजील के पूर्व स्टार रिवाल्डो ने लिखा- किंग को मजबूती मिले। फुटबॉल विश्व कप के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से भी पेले के लिए दुआ मांगी गई है। कतर विश्व कप के आयोजकों ने भी पेले के लिए दुआ मांगी और दोहा की एक इमारत पर लेजर लाइट के जरिए उनकी तस्वीर को दिखाया गया है। इसमें लिखा गया- जल्दी ठीक हो जाइए।

पेले ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सेहत की जानकारी दी थी। साथ ही कतर में इमारत पर दिखाई गई अपनी तस्वीर को शेयर किया था। उन्होंने लिखा था- ”दोस्तों, मैं नियमित जांच के लिए अस्पताल में हूं। इस तरह के सकारात्मक संदेश प्राप्त करना हमेशा अच्छा होता है। इसके लिए कतर का धन्यवाद और उन सभी का जो मुझे अच्छा संदेश भेजते हैं। ”

पेले को सात महीने पहले भी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब वो ठीक होकर बाहर आ गए थे। पेले की बड़ी आंत से सितंबर 2021 में ट्यूमर हटाया गया था। ईएसपीएन ब्राजील ने कहा है कि पेले को हृदय संबंधी समस्या है। उनके चिकित्सकों ने चिंता व्यक्त की है कि कीमोथेरेपी के बेहतर नतीजे नहीं आ रहे।

पेले ने अपने देश ब्राजील को तीन बार विश्व चैंपियन बनाया। उनके नेतृत्व में ब्राजील ने 1958, 1962 और 1970 में विश्व कप जीता। उन्होंने 1958 में सूडान के खिलाफ विश्व कप फाइनल में दो गोल दागे थे। पेले ने प्रोफेशनल करियर में कुल 1363 मैच खेले और 1281 गोल दागे। ब्राजील के लिए उन्होंने 91 मैचों में 77 गोल दागे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 17 = 18