कोलकाता : फंदे से लटका मिला भाजपा कार्यकर्ता का शव, तृणमूल कांग्रेस पर आरोप

कोलकाता : ऐसे समय में जब केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह दो दिनों के बंगाल दौरे पर हैं तब कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी के एक कार्यकर्ता का शव संदिग्ध हालत में फंदे से लटका मिला है। मृतक की पहचान अर्जुन चौरसिया के रूप में हुई है जो उत्तर कोलकाता जिला भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष थे।

उत्तर कोलकाता के भाजपा अध्यक्ष कल्याण चौबे ने तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर घटना को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए कहा कि अर्जुन चौरसिया के नेतृत्व में बाइक रैली निकलनी थी। इसकी जानकारी तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भलीभांति थी इसलिए उसे मौत के घाट उतार दिया गया है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पार्टी ने घटना की जानकारी अमित शाह को देने का निर्णय लिया है। शाह ने खबर मिलने के बाद अपने स्वागत के लिए प्रदेश भाजपा नेतृत्व द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को रद्द करने का निर्देश दिया है। पार्टी के सूत्रों के अनुसार उत्तर बंगाल से कोलकाता लौटने के बाद अमित शाह भाजपा कार्यकर्ता अर्जुन चौरसिया के घर जाकर परिजनों से मिल सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि भाजपा आरोप लगाती रही है कि चुनाव बाद उसके 60 से अधिक कार्यकर्ताओं को मौत से घाट उतारा गया है। एक दिन पहले ही अपने संबोधन में अमित शाह ने इस मुद्दे को उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

7 + 1 =