सर्वाधिक अर्धशतक लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज बने कोहली, सचिन को छोड़ा पीछे

नयी दिल्ली : स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली ने भारत के सबसे अधिक अर्धशतक लगाने के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

कोहली ने गुरुवार को सिडनी क्रिकेट ग्राउंड (एससीजी) में चल रहे आईसीसी टी-20 विश्व कप में नीदरलैंड के खिलाफ मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की। मैच में विराट ने 44 गेंदों में तीन चौकों और दो छक्कों की मदद से नाबाद 62 रन की मैच जिताऊ पारी खेली।

इसी के साथ विराट ने सेना देशों में अपना 49वां अर्धशतक बनाया। स्टार बल्लेबाज के नाम ऑस्ट्रेलिया में 17, इंग्लैंड में 18, न्यूजीलैंड में पांच और दक्षिण अफ्रीका में नौ अर्धशतक हैं।

दूसरी ओर, सचिन ने सेना देशों में 48 अर्धशतक लगाए हैं, जिनमें ऑस्ट्रेलिया में 17, इंग्लैंड में 12, न्यूजीलैंड में 10 और दक्षिण अफ्रीका में नौ अर्द्धशतक हैं।

सेना देश तेज, उछाल वाले विकेटों के लिए जाने जाते हैं। ऐतिहासिक रूप से, इन देशों में भारत का प्रदर्शन दुनिया के अन्य हिस्सों की तुलना में कमजोर रहा है। दोनों खिलाड़ियों ने अपने पूरे करियर में ऑस्ट्रेलिया में काफी अच्छा प्रदर्शन किया है।

तेंदुलकर ने ऑस्ट्रेलिया में 67 मैच के 84 पारियों में 42.85 की औसत से 3,300 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया में उनके बल्ले से 241* के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ सात शतक और 17 अर्धशतक निकले हैं।

वहीं, ऑस्ट्रेलिया में विराट ने 55 मैचों की 66 पारियों में 56.44 की औसत से 3,274 रन बनाए हैं। ऑस्ट्रेलिया में उनके बल्ले से 11 शतक और 17 अर्धशतक निकले हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ 169 है।

बता दें कि भारत टी20 विश्व कप की अंक तालिका में चार अंकों के साथ शीर्ष पर है। भारत ने विश्व कप में पाकिस्तान और नीदरलैंड के खिलाफ अपने दोनों शुरुआती मैच जीते है। वहीं, नीदरलैंड सबसे नीचे है और उसने कोई अंक हासिल नहीं किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

31 − 26 =