गुजरात चुनाव : भाजपा जीत का रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर, गांधीनगर में 12 को होगा शपथ ग्रहण

– भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक 9 या 10 दिसंबर को होगी

– आप ने जामनगर की जामजोधपुर सीट पर दर्ज की राज्य में पहली जीत

अहमदाबाद : गुजरात विधानसभा चुनाव के रुझानों के अनुसार भाजपा को 150 से अधिक सीटों पर जीतती दिख रही है। यदि गुजरात में भाजपा 150 से अधिक सीटें जीतती है तो किसी पार्टी का अब तक सर्वाधिक सीट जीतने का रिकॉर्ड होगा। भाजपा में जीत का जश्न शुरू हो गया है। प्रचंड जीत देखते हुए भाजपा मुख्यमंत्री के शपथ समारोह 12 दिसंबर को गांधीनगर में कराने की तैयारी कर रही है।

भाजपा के सूत्रों के अनुसार आगामी 9 या 10 दिसंबर को नवनिर्वाचित विधायकों की पार्टी के प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’ में मीटिंग रखी गई है। इसके बाद 12 दिसंबर को गांधीनगर में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। अभी तक के रूझानों के आधार पर भाजपा राज्य में 150 से अधिक सीटें जीतती दिख रही है। यदि ऐसा होता है तो गुजरात में एक पार्टी की सबसे अधिक सीटें जीतने का रिकॉर्ड बनेगा। इससे पहले वर्ष 1985 के चुनाव में माधवसिंह सोलंकी के नेतृत्व में कांग्रेस ने 149 सीटों पर जीत दर्ज की थी। प्रचंड जीत के बाद भाजपा ने नई सरकार के गठन की तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल अपनी जीत की घोषणा के बाद पार्टी प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल के साथ पार्टी के प्रदेश मुख्यालय की ओर रवाना हुए।

गुरुवार को पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने पत्रकारों को बताया कि मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह गांधीनगर में विधानसभा भवन के पीछे हैलीपेड मैदान पर 12 दिसंबर को आयोजित होगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह के अलावा भाजपा के कई दिग्गज शामिल होंगे।

दूसरी ओर आम आदमी पार्टी को राज्य में पहली जीत जामनगर की जामजोधपुर सीट पर मिली है। यहां आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार हेमंत खावा ने भाजपा के उम्मीदवार व पूर्व मंत्री चिमनभाई सापरिया को हराया। इसके अलावा कांग्रेस के जिग्नेश मेवाणी बनासकांठा जिले की वडगाम सीट से भाजपा के उम्मीदवार मणिभाई वाघेला से 5000 मतों से आगे चल रहे हैं। भावनगर पश्चिम सीट पर 12वें राउण्ड की मतों की गिनती के बाद भाजपा के उम्मीदवार जीतू वाघाणी जीत के करीब पहुंच गए हैं। वे अपने निकटम प्रतिद्वंदी 21 हजार मतों से आगे हैं। इसके अलावा पोरबंदर सीट पर समाजवादी पार्टी से उम्मीदवार कांधल जाडेजा जीतने में सफल हुए हैं। इसके साथ ही राज्य विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का खाता खुला है। कांधल जाडेजा एनसीपी से सपा में आए। पार्टी से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने दल बदल कर चुनाव लड़ा था। इसके अलावा द्वारका जिले की खंभालिया सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार इसुदान गढवी 11 हजार मतों से पीछे चल रहे हैं। गारियाधार, बोटाद, जामजोधपुर, भीलोडा, विसावदर और डेडियापारा में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंदी से आगे हैं। पोरबंदर में 10 वर्षों के बाद कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया जीतने में सफल हुए हैं। उन्होंने भाजपा के बाबूभाई बोखारिया को हराया है। डेडियापारा में आम आदमी पार्टी के चैतर वसावा 8120 मतों से आगे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 + 2 =