गुजरात विधानसभा चुनाव : पहले चरण के मतदान के लिए प्रचार बंद, गुरुवार को 89 सीटों पर होगा मतदान

– पहले चरण में सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के 19 जिलों के 2 करोड़ 39 लाख 76 हजार 670 लोग करेंगे मतदान

अहमदाबाद : गुजरात विधानसभा चुनाव में पहले चरण के मतदान के लिए मंगलवार की शाम पांच बजे प्रचार बंद हो गया। अब 1 दिसंबर को मतदान होगा। प्रशासन ने पहले चरण के मतदान के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया है।

विधानसभा चुनाव के पहले चरण में सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के 19 जिलों की 89 विधानसभा सीटों के लिए मतदान होगा। इसमें कुल 2 करोड़ 39 लाख 76 हजार 670 मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इसमें 1 करोड़ 15 लाख 42 हजार 811 महिला और 1 करोड़ 24 लाख 33 हजार 362 पुरुष मतदाता शामिल हैं। इस चुनाव में 18-19 आयु वर्ग के 5,74,560 मतदाता पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इस चरण में 99 साल से अधिक आयु के 4945 मतदाता हैं। 497 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

राज्य की मुख्य चुनाव अधिकारी पी. भारती ने बताया कि मतदान सुबह 8 से शाम 5 बजे तक होगा। इसके लिए 14,382 स्थलों पर 25,430 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 34,324 बीयू, 34,324 सीयू और 38,749 वीवीपैट का उपयोग किया जाएगा। मोरबी जिले की मोरबी सीट पर 17 उम्मीदवार होने से वहां 2 बैलेट यूनिट और सूरत की लिंबायत सीट पर 44 उम्मीदवार होने से 3 बैलेट यूनिट का उपयोग किया जाएगा। चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने के लिए 1 लाख 6 हजार 963 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसमें 27,978 प्रिसाइडिंग ऑफिसर्स और 78,985 पोलिंग स्टाफ शामिल हैं।

प्रथम चरण में यह है खास

चुनाव के पहले चरण में राज्य के 12 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। इसके अलावा 12 पूर्व मंत्री भी चुनाव मैदान में हैं। पहले चरण में कांग्रेस के 3 कार्यकारी अध्यक्ष चुनाव मैदान में हैं। 88 सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच त्रिकोणीय मुकाबला है। पहले चरण में कुल 788 उम्मीदवारों में से 70 महिला उम्मीदवार मैदान में हैं। पहले चरण के चुनाव प्रचार के दौरान 5229 शिकायतें चुनाव आयोग को मिली हैं, वहीं इसमें से 9 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 3 = 2