दक्षिणेश्वर में पुलिस पर हुई फायरिंग, एक घायल

बैरकपुर : दक्षिणेश्वर थाना क्षेत्र में शुक्रवार की शाम अपराधियों ने पुलिस पर गोली चलायी। इस घटना में गोली लगने के कारण एक सिविक वॉलिंटियर घायल हो गया। शुक्रवार को पुलिस लूट की घटना की जांच के दौरान दक्षिणेश्वर थाना अंतर्गत आद्यापीठ मंदिर क्षेत्र के एक होटल पहुंची। वहां तलाशी के दौरान एक बदमाश ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पैर में गोली लगने से एक सिविक वॉलिंटियर गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल सिविक वॉलिंटियर का नाम इमरान उर्फ रेजाउल है। उसे बेलघरिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

उल्लेखनीय है कि पिछले सप्ताह रहड़ा थाना क्षेत्र के डांगादिघला इलाके में एक प्लास्टिक फैक्ट्री में लूट की घटना घटी थी। कुछ बदमाश देर रात फैक्ट्री में घुसे और मजदूरों को एक कमरे में बंद कर करीब 34 लाख लूटकर फरार हो गए। पुलिस के सूत्रों ने जांच करने पर बताया कि बदमाशों ने आद्यापीठ मंदिर इलाके के एक होटल में शरण ली है। वहां तलाशी के दौरान यह घटना घटी। पुलिस ने वहां से तीन लोगों को गिरफ्तार कर एक तमंचा बरामद किया है।

होटल के सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे बदमाश होटल में घुसे। 208 और 209 नंबर कमरे को तीन लोगों ने किराए पर लिया था। फिर शाम को पुलिस कमरा नंबर 209 में गई। अपराधियों को जैसे ही पता चला कि पुलिस ने दरवाजा खटखटाया है, उन्होंने गोली चला दी। जब बदमाशों ने भागने की कोशिश की तो पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + 1 =