कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज के निधन से बॉलीवुड में छायी शोक की लहर

मुंबई : कथक सम्राट पंडित बिरजू महाराज का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है। खबरों के अनुसार, बिरजू महाराज ने 83 वर्ष की उम्र में रविवार देर रात अंतिम सांस ली। बिरजू महाराज ने माधुरी दीक्षित, दीपिका पादुकोण समेत कई अदाकारों को नृत्य सिखाया था। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद से पूरे देश के साथ -साथ मनोरंजन जगत में भी शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई सोशल मीडिया के जरिये बिरजू महाराज को श्रद्धांजलि दे रहा है।

गायक अदनाम सामी ने ट्विटर पर बिरजू महाराज की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा-‘महान कथक नर्तक-पंडित बिरजू महाराज जी के निधन की खबर से अत्यंत दुःखी हूँ। हमने एक महान कलाकर को खो दिया। उन्होंने अपनी प्रतिभा से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया है। उनको शांति मिले।’

अनुपम खेर ने बिरजू महाराज को अपने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के दिनों से याद करते हुए एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने कहा कि, ‘महाराज को परफॉर्म करते हुए देखना हमेशा एक जादुई अनुभव रहता था। वह मुझसे कहते थे, तेरी आंखों में बहुत शरारत है।’

फिल्ममेकर सुभाष घई ने अपनी पोस्ट पर लिखा, ‘कथक नृत्य के उस्ताद से मेरी पहली शिक्षा मेरे कॉलेज यूथ फेस्टिवल में हुई थी। जब उन्होंने भगवान कृष्ण और राधा के बीच अपनी दो आंखों से बात करते हुए एक रोमांटिक बातचीत को दर्शाया था। मैंने सीखा डांस का मतलब शरीर है लेकिन आत्मा आंखों में है। इसीलिए वह कथक के जगत गुरु थे।’

फिल्ममेकर अशोक पंडित ने लिखा, ‘कथक गुरु और गायक पद्म विभूषण पंडित बिरजू महाराज जी के निधन के बारे में जानकर दुःख हुआ। यह एक युग का अंत है। उनके परिवार और करीबियों के प्रति मेरी संवेदना। ॐ शांति!’

इन सब के अलावा मनोरंजन जगत की तमाम हस्तियां सोशल मीडिया के जरिये बिरजू महाराज के निधन पर शोक व्यक्त कर रही हैं। उन्होंने सबसे पहले सत्यजीत रे की फिल्म ‘शतरंज के खिलाड़ी’ में दो डांस नंबर की कोरियोग्राफी करने के साथ ही उन्हें अपनी आवाज भी दी थी। वहीं संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘देवदास’ का गाना ‘काहे छेड़ मोहे…’ को भी बिरजू महाराज ने ही कोरियोग्राफ किया था। फिल्म बाजीराव मस्तानी के गाने ‘मोहे रंग दे लाल’ में दीपिका पादुकोण ने पंडित बिरजू महाराज का सिखाया कथक ही किया था। बिरजू महाराज का निधन कला जगत की अपूरणीय क्षति और एक युग का अंत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

14 − 5 =