West Bengal : भगवानपुर में मिला भाजपा नेता का शव, तृणमूल कार्यकर्ताओं पर लगा हत्या का आरोप

पूर्व मेदनीपुर : जिले के भगवानपुर में एक भाजपा नेता का रक्तरंजित शव सड़क पर मिलने से सनसनी फैल गई। भाजपा ने इस हत्या का आरोप तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं पर लगाया गया है। तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के इन आरोपों को खारिज कर दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक का नाम भास्कर बेरा है। भास्कर स्थानीय भाजपा नेता थे और वह भगवानपुर दो नबंर ब्लॉक में बासुदेवबेड़िया इलाके के दक्षिण बड़ाबेड़िया इलाके के निवासी थे। स्थानीय लोगों के अनुसार शनिवार रात को कालीपूजा का विसर्जन देखने के लिए कुछ लोग भास्कर को बड़ाबेड़िया इलाके में लेकर गए थे। इसके बाद जब देर रात तक भास्कर अपने घर नहीं लौटे तो उनके घर के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की।

रविवार तड़के बासुदेवबेड़िया इलाके में सड़क के किनारे भास्कर को अचेत अवस्था में पाया गया। आरोप है कि भास्कर के शरीर के विभिन्न हिस्सों से खून निकल रहा था। भास्कर को तत्काल अस्पताल लेकर जाया गया लेकिन डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। भास्कर के परिवार के लोगों का कहना है कि भास्कर को घर से बुलाकर खटियार ग्राम में ले जाया गया और वहीं उनकी पीट पीट कर हत्या कर दी गई।

भाजपा के कांथी सांगठनिक जिला के अध्यक्ष अनूप चक्रवर्ती ने बताया कि भास्कर स्थानीय भाजपा के बूथ स्तरीय महासचिव थे। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार में इलाके में एक के बाद एक भाजपा नेताओं की हत्या होने से लोगों में आक्रोश है। कुछ दिन पहले ही इलाके में भाजपा नेता चंदन माइती की हत्या की गई थी। भाजपा नेताओं की हत्याओं के विरोध में हमें सड़क पर उतरना ही होगा।

हालांकि तृणमूल कांग्रेस के स्थानीय नेतृत्व ने भाजपा के इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि भाजपा लाशों पर राजनीति कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

48 + = 54