बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने पद से दिया इस्तीफा

पटना : बिहार सरकार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने पद से इस्तीफा दे दिया है। राजद के प्रदेश अध्यक्ष और कृषि मंत्री सुधाकर सिंह के पिता जगदानंद सिंह ने उनके इस्तीफे की पुष्टि करते हुए आज यहां कहा है कि कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने इस्तीफा सरकार के पास भेज दिया है।

जगदानंद सिंह ने कहा कि बिहार के कृषि मंत्री सुधाकर सिंह ने किसानों के प्रश्न को उठाया है लेकिन सिर्फ प्रश्न उठाने से कुछ नहीं होता है, उसके लिए त्याग भी करना पड़ता है। हम नहीं चाहते हैं कि कोई लड़ाई आगे बढ़े। सरकार अच्छी तरह से चले, इसके लिए सुधाकर सिंह ने इस्तीफा सरकार को सौंप दिया है।

उल्लेखनीय है कि महागठबंधन की सरकार में राजद कोटे से मंत्री बने सुधाकर सिंह ने भ्रष्टाचार को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला था। सुधाकर सिंह ने खुले मंच से विभाग के अधिकारियों को चोर और खुद को उनका सरकार बताया था। कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस बात को लेकर टोकने पर सुधाकर सिंह कैबिनेट की बैठक से उठकर चले गए थे। इसके बाद से ही उन्हें लेकर तरह-तरह की अटकलें लगायी जा रही थीं। माना जा रहा है कि सुधाकर सिंह के उक्त बयान और कैबिनेट की बैठक से निकल जाने की घटना को लेकर नीतीश कुमार ख़ासे नाराज़ थे और उन्होंने तेजस्वी पर सुधाकर सिंह के इस्तीफ़े के लिए दबाव बनाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

91 − 87 =