कोलकाता में अखिलेश यादव ने कहा : सपा, भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी बनाए रखेगी

– लोस के बाद होगा नेता का चुनाव : अखिलेश यादव

कोलकाता : समाजवादी पार्टी की दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल होने कोलकाता पहुंचे पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने साफ कर दिया कि लोकसभा चुनाव में उनकी पार्टी कांग्रेस के साथ मिलकर चुनाव नहीं लड़ेगी। कार्यकारिणी की बैठक में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव कालीघाट स्थित मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के आवास पर पहुंचे। यहां दोनों के बीच काफी देर तक बैठक हुई है। इसके बाद अखिलेश यादव ने स्पष्ट कर दिया कि उनकी पार्टी लोकसभा चुनाव में कांग्रेस और भाजपा से समान दूरी बनाए रखेगी। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और वह खुद इस बात के पक्ष में हैं कि भाजपा और कांग्रेस से समान दूरी रखकर चुनाव लड़ा जाएगा। जो पार्टी जिस राज्य में मजबूत है वहां अपने दम पर लड़ेगी।

अखिलेश यादव से पूछा गया कि क्या विपक्ष के नेता के तौर पर वह ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री के चेहरे के तौर पर स्वीकार करेंगे? इसके जवाब में उन्होंने तुरंत कहा कि इस बारे में अभी कोई बात नहीं हुई है। लोकसभा चुनाव के बाद पार्टी के नेता का निर्णय होगा। उसके पहले एक गैर भाजपा और गैर कांग्रेस गठबंधन बनेगा।

इसके पहले राज्य युवा केंद्र में कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को भी अखिलेश यादव ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दिवंगत नेता जी (मुलायम सिंह यादव) को कोलकाता बहुत पसंद था। इसलिए हमने कई सारे कार्यक्रम यहां किए हैं। हकीकत यही है कि बंगाल जो आज सोचता है वह दुनिया कल सोचती है।

बंगाल ने हर क्षेत्र में आइकन दिया है और रास्ता दिखाया है। चैतन्य महाप्रभु, रामकृष्ण परमहंस, विवेकानंद, सुभाष चंद्र बोस समेत कई दिग्गज हस्तियों ने यहां जन्म लिया है। इन्होंने देश को नई उम्मीद दी लेकिन आज केंद्र में मौजूद सरकार सबकुछ बेच रही है। दिल्ली में बैठे लोग ऐसे कानून बना रहे हैं कि देश एक बार फिर गुलाब बन जाएगा। अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि बंगाल के लोगों ने हमेशा भाजपा को शिकस्त दी है। उम्मीद है लोकसभा चुनाव में भी भाजपा का सफाया हो

उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी यहां हमला बोला। अखिलेश ने कहा कि भाजपा कह रही है कि कांग्रेस के नेता विदेश में जाकर देश के खिलाफ बोल रहे हैं लेकिन उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री तो अंबेडकर को अपमानित कर रहे हैं। इशारे-इशारे में अडानी पर भी हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को इस बात की खुशी थी कि उनका बिजनेसमैन नंबर दो बन गया। मतलब पूरी दुनिया में धन के मामले में। लेकिन दो नंबर का मतलब फ्रॉड होता है। गंगा सफाई के नाम पर भी फर्जीवाड़ा किया गया। जब वे अपना वादा पूरा नहीं कर पाते तो धर्म का राग छेड़ते हैं। यूपी के मुख्यमंत्री ने ब्रिटिश प्रधानमंत्री के बयान का हिंदी में अनुवाद किया और समाजवाद को भी अपमानित किया है। पीएम के चेहरे पर रुख स्पष्ट करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वैसे तो चुनाव के बाद विपक्ष का नेता तय होगा लेकिन चुनाव के पहले भी गठबंधन बनेगा लेकिन भाजपा के पास पीएम मोदी के अलावा दूसरा कोई चेहरा ही नहीं है। हमारे पास तो हर राज्य में प्रधानमंत्री के चेहरे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 1 = 2