ओडिशा रेल हादसे में बंगाल के 103 लोगों की मौत : ममता बनर्जी

कोलकाता : ओडिशा के बालासोर में हुए कोरोमंडल एक्सप्रेस ट्रेन हादसे में मरने वाले लोगों में बंगाल के लोगों की संख्या 103 हो गई है। यह जानकारी खुद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने दी है। मंगलवार को वह कटक पहुंचीं, जहां उन्होंने अस्पताल में इलाजरत लोगों से मुलाकात की है। इसके बाद मीडिया से मुखातिब ममता ने कहा कि मरने वालों में 103 लोग बंगाल के हैं। उनकी पहचान हो चुकी है और बाक़ी लोगों की शिनाख्त हो रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि फिलहाल 97 लोग ओडिशा के विभिन्न अस्पतालों में इलाजरत हैं जो बंगाल के रहने वाले हैं। एक बार फिर लापरवाही की ओर इशारा करते हुए ममता ने कहा कि रेल हादसे में जो भी हकीकत है या जो भी जानकारी है वह छिपाई नहीं जानी चाहिए बल्कि सार्वजनिक की जानी चाहिए। हालांकि किस तरह की जानकारी छिपाई जा रही है और क्या कुछ सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है, इस बारे में खुलकर नहीं बोलीं।

ममता ने अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और स्वास्थ्य कर्मियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने ओडिशा सरकार को भी धन्यवाद दिया। इस हादसे की सीबीआई जांच पर उन्होंने कहा कि सच छुपाना नहीं चाहिए। हादसे ने राज्य में कई लोगों की जान ले ली है। कई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों को कटक और भुवनेश्वर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ओडिशा में राज्य के 40 अधिकारी हैं। वे घायलों की देखभाल कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ हो चुके लोगों को राज्य भेजने के निर्देश दिए हैं। ममता ने यह भी कहा कि राज्य के 31 लोगों का अभी तक कोई पता नहीं चला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 2 = 8